Taiwan: नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा को लेकर बाइडेन-जिनपिंग में तनातनी, चीन ने अमेरिका को दी 'गंभीर नतीजे' भुगतने की चेतावनी

चीन ने अमेरिका को आगाह किया है कि अगर पेलोसी ताइवान की यात्रा करती हैं तो उसकी सेना ‘कड़ा जवाब’ देगी और इसके ‘गंभीर नतीजे’ भुगतने पड़ेंगे

अपडेटेड Aug 02, 2022 पर 2:34 PM
China ताइवान पर अपना दावा करता है

अमेरिका और चीन ने ताइवान मामले को लेकर एक दूसरे को कड़ी चेतावनी दी है। चीन ने कहा है कि वह अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी (Nancy Pelosi) की ताइवान की यात्रा करने की योजना से जुड़ी खबरों पर करीबी नजर रख रहा है। साथ ही चीन ने आगाह किया कि अगर पेलोसी ताइपे की यात्रा करती हैं तो उसकी सेना ‘कड़ा जवाब’ देगी और इसके ‘गंभीर नतीजे’ भुगतने पड़ेंगे।

पेलोसी की ताइवान यात्रा की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने बीजिंग में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘हम पेलोसी के कार्यक्रम पर करीबी नजर रख रहे हैं और अगर वह ताइवान की यात्रा करती हैं तो हम कड़ा जवाब देंगे।’’

ये भी पढ़ें- Godrej Properties: मोहित मल्होत्रा ने गोदरेज प्रॉपर्टीज के MD और CEO के पद से दिया इस्तीफा


अमेरिकी न्यूज चैनल CNN ने ताइवान और अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से कहा कि बाइडेन प्रशासन की चेतावनियों के बावजूद पेलोसी के ताइवान की यात्रा करने की संभावना है। ताइवान की मीडिया ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि पेलोसी मलेशिया की यात्रा करने के बाद ताइपे पहुंचेंगी और रात वहीं बिताएंगी।

हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेलोसी के एशिया दौरे में ताइवान का जिक्र नहीं है। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि वो उच्च स्तरीय डेलिगेशन के साथ सिर्फ सिंगापुर, मलेशिया, साउथ कोरिया और जापान जाएंगी। पेलोसी ने मंगलवार को अपने एशिया दौरे के दौरान मलेशिया का दौरा किया।

अमेरिका का पलटवार

अमेरिका ने पेलोसी की ताइवान की अपेक्षित यात्रा को लेकर चीन द्वारा की जा रही बयानबाजी की निंदा की है। व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि स्वशासित द्वीप में यात्रा करने या न करने का अंतिम फैसला पेलोसी का ही है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सांसद सालों से ताइवान की नियमित यात्रा करते रहे हैं। आपको बता दें कि चीन ताइवान पर अपना दावा करता है।

चीन कर सकता है बड़ी कार्रवाई

किर्बी ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को चिंता है कि बीजिंग इस यात्रा को बहाना बनाकर ताइवान जलडमरूमध्य या ताइवान के आसपास सैन्य कदम उठाने, ताइवान के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने और जलडमरूमध्य में बड़े पैमाने पर नौसैनिक अभ्यास करने समेत उकसाने की कार्रवाई कर सकता है।

हालांकि, पेलोसी की ताइवान यात्रा के संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन ताइवान में स्थानीय मीडिया ने बताया कि पेलोसी मंगलवार की रात राजधानी ताइपे पहुंचेंगी। ताइवान के ‘द यूनाइटेड डेली न्यूज’, ‘लिबर्टी टाइम्स’ और ‘चाइना टाइम्स ’ 3 सबसे बड़े राष्ट्रीय समाचार पत्रों ने अज्ञात सूत्रों का हवाला देते हुए कहा कि वह मलेशिया का दौरा करने के बाद मंगलवार की रात ताइपे पहुंचेंगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।