भले ही दुनिया भर के कई सारे हिस्सों में तूफान का मौसम गुजर गया है पर एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के सुमद्र से सटे इलाकों के पास प्रशांत महासागर और अटलांटिक महासागर दोनों में तेज तूफान घूम रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, तूफान नोर्मा तेजी से एक बड़े तूफान में तब्दील हो गया है और मैक्सिको के पश्चिमी तट की ओर बढ़ रहा है। इसकी वजह से टोडोस सैंटोस से लॉस बैरिलेस तक दक्षिणी बाजा कैलिफोर्नियामें तूफान की निगरानी को तेज कर दिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि नोर्मा लगभग सात मील प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ रहा है और अधिकतम 130 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
गुरुवार को तूफान के भयानक होने की थी आशंका
इस तूफान के गुरुवार को और भी ज्यादा भयानक रूप लेने की आशंका जाहिर की गई थी। ऐसा अनुमान लगाया गया है कि शुक्रवार से धीरे-धीरे यह कमजोर होता जाएगा और यहकमजोरी इस हफ्ते के आखिरी तक जारी रहेगी। रिपोर्ट में दी गई डिटेल के मुताबिक नोर्मा के शनिवार को बाजा कैलिफोर्निया के दक्षिणी हिस्से में पहुंचने की सबसे अधिक संभावना है, जिससे पांच से 10 इंच बारिश हो सकती है और मैक्सिकन राज्य बाजा कैलिफोर्निया सूर के कुछ इलाकों में इस तूफान की वजह से 15 इंच तक बारिश होने की आशंका है। इस वजह से इन इलाकों में फ्लैश बाढ़ आने की भी आशंका है।
तूफान नोर्मा के अलावा एक और तूफान टैमी भी अटलांटिक महासागर में मजबूत बन रहा है। यह तूफान लेसर एंटिल्स के करीब पहुंच रहा है। इस तूफान में 60 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। तूफान के केंद्र से बाहर की तरफ 140 तक यह हवाएं फैली हुई हैं। यह 15 मील प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसी बीच ग्वाडेलोप के इलाके में भी एक और तूफान का खतरा मंडरा रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि तूफान टैमी की वजह से शनिवार रात तक उत्तरी विंडवार्ड से लेकर लीवार्ड द्वीप समूह तक तीन से छह इंच बारिश हो सकती है। वहीं अधिकतम 10 इंच बारिश की भी आशंका है।