डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने शनिवार को 20 लाख से अधिक फेडरल वर्कर्स को ईमेल भेजना शुरू किया। इसमें उनसे पिछले सप्ताह किए गए कामों को जस्टिफाई करने या फिर इस्तीफा देने को कहा गया है। यह निर्देश एलॉन मस्क की अगुवाई वाले सरकारी दक्षता विभाग की ओर से अमेरिकी सरकार के कर्मचारियों को दिया गया ताजा निर्देश है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, कर्मचारियों से पिछले सप्ताह किए गए कामों का 5 बुलेट पॉइंट्स के साथ जवाब देने के लिए कहा गया है।
कर्मचारियों से किसी भी क्लासिफाइड इनफॉरमेशन, लिंक या अटैचमेंट को बाहर रखने के लिए कहा गया। जवाब देने की डेडलाइन सोमवार को वाशिंगटन के समयानुसार रात 11:59 बजे तक है। शनिवार दोपहर एक सोशल मीडिया पोस्ट में, मस्क ने कहा कि यह निर्देश राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर आया है। मस्क ने कहा, "जवाब न देने पर इस्तीफा माना जाएगा।"
मस्क के पास नौकरी से निकालने का सीधा अधिकार नहीं
एक विशेष सरकारी कर्मचारी और राष्ट्रपति के सलाहकार के रूप में, मस्क के पास फेडरल वर्कर्स को नौकरी से निकालने का कोई सीधा अधिकार नहीं है। फेडरल वर्कर्स के एक संघ के प्रमुख ने ईमेल को "क्रूर और अपमानजनक" करार दिया और कहा कि वह निर्देश के तहत निकाले गए सदस्यों की बर्खास्तगी को चुनौती देगा।
मस्क ने पराग अग्रवाल से भी पूछा था यही सवाल
“इस सप्ताह आपने क्या किया?” यह सवाल मस्क अपनी कंपनियों के कर्मचारियों से भी पूछ चुके हैं। 2022 में ट्विटर को खरीदने और इसे एक्स के रूप में रीब्रांड करने से पहले उन्होंने सीईओ पराग अग्रवाल को यह सवाल टेक्स्ट किया था। बाद में अग्रवाल को निकाल दिया गया।