Twitter: टेस्ला के CEO और ट्विटर के नए मालिक एलॉन मस्क (Elon Musk) ने माइक्रो-ब्लागिंग साइट ट्विटर पर 8 डॉलर वाले प्लान की शुरुआत कर दी है। कंपनी ने ऐपल (Apple) के ऐप स्टोर में ट्विटर के ब्लू चेक वेरीफिकेशन मार्क्स (blue check verification marks) के लिए 8 डॉलर चार्ज शुरू करने का अपडेट मुहैया करा दिया है। ट्विटर ने बताया कि फिलहाल यह नई सर्विस अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और यूनाइटेड किंगडम (UK) में मुहैया करा दी गई है। मस्क ने ट्विटर पर ब्लू टिक की कीमत 8 डॉलर करीब 662 रुपये प्रति महीने रखी है। फिलहाल ये प्लान iOS यूजर्स के लिए ही शुरू किया गया है।
ट्विटर के टेकओवर के बाद एलॉन मस्क (Elon Musk) इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़ा बदलाव कर रहे हैं। ब्लू टिक सिस्टम में बदलाव के बारे में मस्क ने पहले ही ऐलान कर दिया था। उम्मीद जताई जा रही है कि भारत में भी यह सर्विस जल्द ही शुरू हो जाएगी।
ऐपल आईफोन हैंडसेट के लिए अपडेट मुहैया कराने के बाद ट्विटर ने कहा कि जो यूजर 7.99 डॉलर प्रति महीने के लिए साइन अप नाउ (Sign Up Now) करते हैं। यानी ट्विटर ब्लू अपडेट को सब्सक्राइब करते हैं। उनके यूजरनेम के आगे ब्लू चेकमार्क मिल जाता है। मस्क ने 44 अरब डॉलर में ट्विटर की डील पूरी करने के बाद यह अपडेट जारी किया है। मस्क के खरीदने के पहले ब्लू टिक के लिए पैसे नहीं लगते थे। उस समय ब्लू टिक का चिन्ह किसी कंपनी, सेलीब्रिटी, एक्सपर्ट या दिग्गज लोगों, नेताओं को दिया जाता था। ताकि उनकी पहचान की जा सके। जल्द ही ट्विटर पर लंबे ब्लॉग शेयर करने की सुविधा मिल जाएगी।
50% कर्मचारियों की हुई थी छटनी
ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने के एक हफ्ते बाद एलॉन मस्क ने ये बड़ा फैसला लिया है। इससे पहले मस्क कंपनी से करीब 50 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। बताया जा रहा है कि ट्विटर में दुनिया भर में करीब 7500 कर्मचारी हैं। जिनमें से करीब 3700 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है। ट्विटर के भारत में करीब 200 कर्मचारी काम कर रहे थे। जिनमें से 190 कर्मचारियों को बाहर कर दिया गया है।