Twitter Sues Elon Musk: एलॉन मस्क के डील तोड़ने पर Twitter ने किया केस, जानिए कंपनी को किन बातों पर है ऐतराज

Elon Musk ने अप्रैल में खुद ट्विटर को खरीदने की पेशकश की थी। यह डील 44 अरब डॉलर में होने वाली थी। मस्क ने ट्विटर के एक शेयर के लिए 54.20 डॉलर की कीमत चुकाने की पेशकश की थी

अपडेटेड Jul 13, 2022 पर 11:19 AM
Story continues below Advertisement
माना जा रहा है कि मस्क और ट्विटर के बीच की यह कानूनी लड़ाई वॉलस्ट्रीट के इतिहास की सबसे बड़ी कानूनी लड़ाइयों में से एक होगी।

Twitter Sues Elon Musk: Twitter ने एलॉन मस्क के खिलाफ कोर्ट में केस फाइल कर दिया है। उसने Delaware Court से अनुरोध किया है कि वह मस्क को ट्विटर की डील पूरी करने का आदेश दे। मस्क ने पिछले हफ्ते ट्विटर को खरीदने की डील पूरा करने से इनकार कर दिया था। अप्रैल में उन्होंने खुद ट्विटर को खरीदने की पेशकश की थी। यह डील 44 अरब डॉलर में होने वाली थी। मस्क ने ट्विटर के एक शेयर के लिए 54.20 डॉलर की कीमत चुकाने की पेशकश की थी। ट्विटर के बोर्ड से भी इस डील को मंजूर मिल चुकी थी।

Elon Musk इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी Tesla के सीईओ हैं। वह दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति भी हैं। Twitter को खरीदने की पेशकश करने से पहले उन्होंने इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में 9.2 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। फिर, उन्होंने पूरी कंपनी खरीदने का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा था कि वह Twitter को प्राइवेट कंपनी बनाएंगे। अभी ट्विटर पब्लिक (शेयर बाजार में लिस्टेड) कंपनी है। इंडिया के रहने वाले पराग अग्रवाल इसके सीईओ हैं।

यह भी पढ़ें : Zomato ने मुनाफा कमाने पर फोकस बढ़ा दिया है, लेकिन यह नहीं बता सकते कि यह कब प्रॉफिट में आएगी: दीपिंदर गोयल


Twitter ने कोर्ट में फाइल अपनी याचिका में कहा है, "मस्क को ऐसा लगता है कि उन्हें अपने फैसले बदलने की आजादी है। वह कंपनी को कूड़े की तरफ फेंक सकते हैं। उसके कामकाज को अस्तव्यस्त कर सकते हैं। शेयरहोल्डर्स की वैल्यू खत्म कर सकते हैं। यह सब करने के बाद आराम से अपना रास्ता पकड़ सकते हैं।"

माना जा रहा है कि मस्क और ट्विटर के बीच की यह कानूनी लड़ाई वॉलस्ट्रीट के इतिहास की सबसे बड़ी कानूनी लड़ाइयों में से एक होगी। पिछले हफ्ते शुक्रवार को मस्क ने ट्विटर की डील तोड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि ट्विटर ने एग्रीमेंट की शर्तों का उल्लंघन किया है, इसलिए वह यह डील तोड़ रहे हैं।

मस्क ने ट्विटर पर यह आरोप लगाया था कि इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्पैम अकाउंट के बारे में बार-बार जानकारी मांगने के बावजूद कंपनी ने उन्हें जानकारियां नहीं दी है। उनका मानना था कि यह जानकारी ट्विटर के बिजनेस परफॉर्मेंस के लिए बहुत अहम है। इस बारे में पूछे गए सवालों के जवाब मस्क ने नहीं दिए।

ट्विटर ने जो याचिका कोर्ट में फाइल की है, उसमें मस्क पर मर्जर एग्रीमेंट की कई शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। इसमें यह कहा गया है कि डील टूटने की वजह से ट्विटर और उसके बिजनेस पर खराब असर पड़ा है। इसमें यह भी कहा गया है कि ट्विटर से इस्तीफा देने वाले एंप्लॉयीज की संख्या पहली बार इतनी ज्यादा रही है।

मंगलवार को ट्विटर के शेयर का प्राइस 4.3 फीसदी की तेजी के साथ 34.06 डॉलर पर बंद हुआ। लेकिन, यह अब भी उस स्तर से काफी नीचे हैं, जब इस डील का ऐलान हुआ था। तब ट्विटर के शेयर का प्राइस 50 डॉलर से ऊपर था।

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Jul 13, 2022 10:46 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।