US Federal Reserve Key Lending Rate: अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने अपनी प्रमुख ब्याज दरों को एक बार फिर जस का तस रखा है। उनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। फेडरल रिजर्व का कहना है कि उसने महंगाई से लड़ने में कुछ और प्रगति की है। पॉलिसी मेकर्स ने सर्वसम्मति से अमेरिकी केंद्रीय बैंक की बेंचमार्क ब्याज दर को 5.25 प्रतिशत और 5.50 प्रतिशत के बीच बनाए रखने के लिए मतदान किया।
इस वर्ष की शुरुआत में महंगाई में मामूली वृद्धि के बाद, हाल के आंकड़ों से पता चलता है कि महंगाई को 2 प्रतिशत के अपने लॉन्ग टर्म टारगेट पर वापस लाने का फेड का मिशन अब मजबूती से पटरी पर आ गया है। आर्थिक विकास लचीला बना हुआ है, और श्रम बाजार बेहतर संतुलन में आ गया है।
सितंबर में रेट कट का संकेत
फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल फेड ने संकेत दिया है कि अगर आर्थिक आंकड़े, महंगाई और रोजगार प्रबंधन के फेड के उद्देश्यों के अनुरूप बने रहे तो सितंबर की शुरुआत में ब्याज दरों में कटौती की जा सकती है। फेड ने कहा, "हाल के महीनों में समिति के 2 प्रतिशत महंगाई लक्ष्य की दिशा में कुछ और प्रगति हुई है। समिति का मानना है कि रोजगार और महंगाई के लक्ष्यों को प्राप्त करने के जोखिम बेहतर संतुलन में आते रहेंगे। फेड अपने ड्यूल मैनडेट के दोनों पक्षों के जोखिमों के प्रति चौकस है।"
पॉवेल की नरम रुख वाली टिप्पणियों ने अमेरिकी शेयरों में तेजी को बढ़ावा दिया। वॉल स्ट्रीट ने रेट कट की संभावना का जश्न मनाया। कारोबार की शुरुआत में एनवीडिया, मेटा और एप्पल जैसी टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर कंपनियों के शेयर में तेजी देखी गई। अमेरिकी शेयर बाजार की तेजी का असर 1 अगस्त को भारतीय बाजारों में भी दिखने की उम्मीद है।