1 करोड़ सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, आज बढ़ेगा महंगाई भत्ता

7th Pay Commission: देश के 1 करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का तोहफा आज मिल सकता है। केंद्र सरकार होली से पहले 12 मार्च बुधवार को इस फैसले का ऐलान कर सकती है। कैबिनेट की बैठक के बाद महंगाई भत्ता बढ़ाने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा

अपडेटेड Mar 12, 2025 पर 7:34 AM
Story continues below Advertisement
7th Pay Commission: देश के 1 करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का तोहफा आज मिल सकता है।

7th Pay Commission: देश के 1 करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का तोहफा आज मिल सकता है। केंद्र सरकार होली से पहले 12 मार्च बुधवार को इस फैसले का ऐलान कर सकती है। कैबिनेट की बैठक के बाद महंगाई भत्ता बढ़ाने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सरकार हर साल 1 जनवरी और 1 जुलाई को डीए रिवाइज करती है, लेकिन इसका ऐलान बाद में होता है।

कितना बढ़ सकता है डीए?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार महंगाई भत्ता 2% बढ़ सकता है, जिससे डीए 53% से बढ़कर 55% हो जाएगा। हालांकि, कुछ कर्मचारी संगठन 3% बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं, लेकिन इसका अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में लिया जाएगा। इससे पहले अक्टूबर 2024 में डीए 3% बढ़ाया गया था, जिससे यह 50% से 53% हो गया था।


सैलरी पर कितना असर पड़ेगा?

अगर महंगाई भत्ता 2% बढ़ता है, तो 18,000 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी की सैलरी में 360 रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी होगी। अभी 53% डीए के हिसाब से 9,540 रुपये मिल रहे हैं, लेकिन 55% होने पर यह 9,900 रुपये हो जाएगा। अगर सरकार 3% बढ़ोतरी करती है, तो डीए 10,080 रुपये तक पहुंच सकता है, जिससे कर्मचारियों को और ज्यादा फायदा होगा।

डीए कैसे तय किया जाता है?

महंगाई भत्ते और महंगाई राहत का निर्धारण उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI) के आधार पर किया जाता है। सरकार हर साल 1 जनवरी और 1 जुलाई को डीए रिवाइज करती है, लेकिन इसका ऐलान मार्च और सितंबर में किया जाता है। 2006 में सरकार ने डीए कैलकुलेशन के लिए नया फॉर्मूला अपनाया था, जिससे महंगाई के असर को सही ढंग से आंका जा सके।

8वें वेतन आयोग पर अपडेट

कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग का भी इंतजार है। केंद्र सरकार ने जनवरी 2025 में इसकी घोषणा की थी और यह 2026 से लागू होने की उम्मीद है। 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो जाएगा। हालांकि, सरकार ने अभी 8वें वेतन आयोग की शर्तों और सदस्यों की जानकारी जारी नहीं की है। इससे कर्मचारियों को अपने वेतन और भत्तों में बदलाव की उम्मीद बनी हुई है।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।