7th Pay Commission: मध्य प्रदेश सरकार ने दिवाली से पहले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा कर दी है। दिवाली के मौके पर मध्य प्रदेश सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की घोषणा की है। राज्य सरकार ने DA को 46% से बढ़ाकर 50% कर दिया है। ये नया डीए 1 जनवरी 2024 से लागू होगा। इस फैसले की जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई है।
केंद्रीय कर्मचारियों के लिए भी बढ़ा था DA
यह कदम उस समय उठाया गया है जब कुछ दिन पहले ही केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में 3% की बढ़ोतरी की थी, जिससे केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 53% हो गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घोषणा पर खुशी जाहिर करते हुए कहा किसभी को मेरी शुभकामनाएं, क्योंकि यह DA में वृद्धि की खुशी दिवाली और राज्य स्थापना दिवस के साथ दोगुनी हो गई है। 1 नवंबर 1956 को अविभाजित मध्य प्रदेश की स्थापना हुई थी और 1 नवंबर 2000 को इससे छत्तीसगढ़ अलग होकर एक नया राज्य बना था।
यादव ने बताया कि राज्य वित्त विभाग ने 14 मार्च 2024 के आदेश में 46% DA को मंजूरी दी थी, जो 1 जुलाई 2023 से प्रभावी था और इसके एरियर किस्तों में दिए गए थे। उन्होंने कहा कि अब सभी सरकारी कर्मचारियों को 1 जनवरी 2024 से 50% DA मिलेगा।
अन्य राज्यों ने भी किया ऐलान
हाल ही में उत्तर प्रदेश, असम, तेलंगाना और अरुणाचल प्रदेश ने भी अपने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा की है। मध्य प्रदेश सरकार का यह फैसला न सिर्फ कर्मचारियों के लिए आर्थिक राहत लेकर आया है बल्कि दिवाली के इस त्योहार को और खास बना दिया है।