8th Pay Commission: फिटमेंट फैक्टर घटेगा फिर भी जेब में आएगा ज्यादा पैसा! समझिए 2.1 के फॉर्मूले का पूरा गणित
8th Pay Commission Salary Calculation: 8वें वेतन आयोग में अगर फिटमेंट फैक्टर 2.57 से घटकर 2.1 भी रहता है, तो भी कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग से बड़ा फायदा मिलेगा। वर्तमान में ₹18,000 के न्यूनतम बेसिक पे पर 2.1 का फॉर्मूला लागू होने से नया बेसिक पे सीधे करीब ₹38,000 हो जाएगा। जिससे कर्मचारियों को लगभग 53% का सीधा शुद्ध फायदा मिलेगा। जानिए अपनी सैलरी का पूरा कैलकुलेशन
8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट मई 2027 के आसपास सामने आने की संभावना है
8th Pay Commission Fitment Factor: केंद्र सरकार द्वारा 8वें वेतन आयोग के गठन के बाद से ही देश के लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के मन में उनकी सैलरी में उछाल को लेकर उत्सुकता है। इस पूरी चर्चा का केंद्र बिंदु 'फिटमेंट फैक्टर' बना हुआ है। जहां एक तरफ कर्मचारी संगठन 2.7 से लेकर 4 तक के फिटमेंट फैक्टर की सिफारिश कर रहे हैं, वहीं बाजार में चर्चा है कि यह आंकड़ा 2.1 के आसपास रह सकता है।
वैसे, 7वें वेतन आयोग में मिले 2.57 के फिटमेंट फैक्टर की तुलना में 2.1 का आंकड़ा पहली नजर में कम जरूर लग सकता है, लेकिन इसका असली गणित कुछ और ही कहानी बयां करता है। विशेषज्ञों और ऑल इंडिया एनपीएस एंप्लाइज फेडरेशन के अनुसार, अगर फिटमेंट फैक्टर को घटाकर 2.1 भी कर दिया जाए, तो भी कर्मचारियों की इन-हैंड सैलरी और बेसिक पे में 7वें वेतन आयोग से कहीं अधिक उछाल देखने को मिलेगा।
7वें वेतन आयोग और 8वें वेतन आयोग के फायदों की तुलना करते समय केवल 'फिटमेंट फैक्टर' के अंक को देखना सही तरीका नहीं है। असल आर्थिक लाभ हमेशा इस बात पर निर्भर करता है कि संशोधन के समय आपकी बेस सैलरी और उस पर मिल रहा महंगाई भत्ता (DA) कितना है।
7वें वेतन आयोग का गणित (2.57 फिटमेंट फैक्टर): 7वें वेतन आयोग से पहले न्यूनतम बेसिक पे ₹7,000 था। जब इस पर 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू हुआ, तो नया न्यूनतम बेसिक पे बढ़कर ₹18,000 हो गया।
उस समय की स्थिति: 7वां वेतन आयोग लागू होने से ठीक पहले कर्मचारी पहले से ही 125% डीए ले रहे थे। यानी ₹7,000 के मूल वेतन पर ₹8,750 का डीए मिलाकर कुल आय पहले से ही ₹15,750 थी।
वास्तविक फायदा: नया बेसिक पे ₹18,000 होने पर कर्मचारियों की जेब में सीधे तौर पर केवल ₹2,250 प्रति माह यानी लगभग 32% की नेट बढ़ोतरी का ही अतिरिक्त फायदा जुड़ा था।
8वें वेतन आयोग का गणित (2.1 फिटमेंट फैक्टर का अनुमान): वर्तमान में केंद्रीय कर्मचारियों का न्यूनतम बेसिक पे ₹18,000 है। अगर 8वें वेतन आयोग में 2.1 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया जाता है:
नया बेसिक पे: ₹18,000 × 2.1 = लगभग ₹38,000 न्यूनतम बेसिक पे।
वर्तमान डीए के साथ तुलना: मौजूदा समय में 58% डीए के हिसाब से ₹18,000 पर ₹10,440 डीए बनता है, जिससे कुल रकम ₹28,440 होती है।
वास्तविक फायदा: नए ₹38,000 के बेसिक पे से तुलना करें, तो कर्मचारियों को सीधे ₹9,560 प्रति माह का अतिरिक्त शुद्ध लाभ मिलेगा। यह वर्तमान बेसिक पे के हिसाब से लगभग 53% की सीधी बढ़ोतरी दिखाता है, जो 7वें वेतन आयोग के 32% के वास्तविक फायदे से काफी अधिक है।
टेक-होम सैलरी में होगा जबरदस्त इजाफा
ध्यान देने वाली बात यह है कि ₹38,000 की राशि केवल न्यूनतम बेसिक पे का अनुमानित उदाहरण है। कर्मचारियों की वास्तविक टेक-होम सैलरी इससे कहीं अधिक होगी। नया बेसिक पे लागू होने के बाद इसमें नए सिरे से तय होने वाला:
महंगाई भत्ता (DA)
मकान किराया भत्ता (HRA)
परिवहन भत्ता (TA)
अन्य केंद्र सरकार के भत्ते
इन सभी को जोड़ने के बाद कर्मचारियों के वेतन में एक बड़ा और प्रभावी उछाल आएगा।
कब तक लागू होंगी 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें?
8वें केंद्रीय वेतन आयोग का औपचारिक गठन नवंबर 2025 में किया गया था। आयोग को अपनी विस्तृत सिफारिशें तैयार कर सरकार को सौंपने के लिए 18 महीने की समयावधि दी गई है। इस समय-सीमा के अनुसार, वेतन आयोग की रिपोर्ट मई 2027 के आसपास सामने आने की संभावना है। तब तक कर्मचारियों को आधिकारिक घोषणा और अंतिम पे-मैट्रिक्स का इंतजार करना होगा।