8th Pay Commission: केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के मन में इन दिनों एक ही सवाल है कि क्या 1 जनवरी 2026 से उनकी सैलरी अपने आप बढ़ जाएगी या फिर उन्हें अभी और इंतजार करना पड़ेगा? दरअसल, 7वें वेतन आयोग (7th Pay Commission) का 10 साल का पीरियड 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो रहा है। ऐसे में 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर कर्मचारियों की उम्मीदें ज्यादा है।
सरकारी सूत्रों और कर्मचारी संगठनों के मुताबिक जब तक 8वां वेतन आयोग लागू नहीं हो जाता, तब तक कर्मचारियों को सैलरी और महंगाई भत्ता (DA) 7वें वेतन आयोग के हिसाब से ही मिलता रहेगा। हालांकि, यह राहत की बात है कि जब भी 8वां वेतन आयोग लागू होगा, तब बढ़ी हुई सैलरी 1 जनवरी 2026 से एरियर के रूप में मिलने की उम्मीद है।
8वां वेतन आयोग कब लागू होगा?
सरकार ने 8वें वेतन आयोग को नवंबर 2024 में अधिसूचित कर दिया है। इसे अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। यानी रिपोर्ट मई 2027 तक आ सकती है। इसके बाद मंत्रियों का समूह (GoM) इस पर विचार करेगा और फिर कैबिनेट फैसला लेगी। ऐसे में जानकारों का मानना है कि 8वां वेतन आयोग 2027 के अंत या 2028 की शुरुआत में लागू हो सकता है।
क्या 1 जनवरी 2026 से बढ़ी सैलरी मिलेगी?
कर्मचारी यूनियनों का कहना है कि भले ही वेतन आयोग बाद में लागू हो, लेकिन सैलरी बढ़ोतरी की तारीख 1 जनवरी 2026 ही मानी जानी चाहिए। पहले भी ऐसा होता रहा है। 7वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2016 से, 6वां 1 जनवरी 2006 से और उससे पहले के वेतन आयोग भी 10 साल के अंतराल पर इसी तारीख से लागू हुए थे।
हालांकि, इस बार एक पेच है। 8वें वेतन आयोग के Terms of Reference (ToR) में यह साफ नहीं लिखा है कि वेतन बढ़ोतरी किस तारीख से लागू होगी। इसी वजह से कर्मचारी संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की है कि ToR में 1 जनवरी 2026 को प्रभावी तारीख के तौर पर जोड़ा जाए।
DA को बेसिक में मर्ज किया जाएगा?
कई कर्मचारियों को उम्मीद थी कि जनवरी 2026 से DA को बेसिक सैलरी में मर्ज कर दिया जाएगा। लेकिन सरकार ने इस पर साफ कर दिया है कि फिलहाल ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने संसद में कहा है कि DA और DR को हर छह महीने में महंगाई के हिसाब से बढ़ाया जाता रहेगा, लेकिन उसे बेसिक पे में मर्ज करने की कोई योजना नहीं है।
अब सबसे बड़ा सवाल है कि 8वें वेतन आयोग में सैलरी कितनी बढ़ेगी? जानकारों के मुताबिक, फिटमेंट फैक्टर इस बढ़ोतरी की चाबी होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिटमेंट फैक्टर 1.83 से 2.46 के बीच रह सकता है। अगर फिटमेंट फैक्टर 1.83 हुआ, तो मौजूदा 18,000 रुपये की न्यूनतम बेसिक सैलरी बढ़कर करीब 32,940 रुपये हो सकती है। वहीं, अगर यह 2.46 तक जाता है, तो न्यूनतम सैलरी करीब 44,280 रुपये तक पहुंच सकती है।
8वें वेतन आयोग से करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 65 लाख से ज्यादा पेंशनर्स को फायदा मिलेगा। सैलरी, पेंशन और भत्तों में बदलाव से उनकी आमदनी बढ़ेगी और महंगाई का असर कुछ हद तक कम होगा। हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि 54% तक की बड़ी बढ़ोतरी की संभावना कम है, क्योंकि इससे सरकार पर वित्तीय दबाव बढ़ सकता है।