8th Pay Commission: केंद्र सरकार के करीब 50 लाख एंप्लॉयीज और 65 लाख पेंशनर्स की नजरें 8वें वेतन आयोग पर लगी हैं। अभी आयोग ने सरकार को वेतन में संशोधन को लेकर अपनी सिफारिशें नहीं सौंपी है। पहले वह एंप्लॉयीज यूनियन सहित मामले से जुड़े सभी पक्षों की राय पर विचार करेगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसमें समय लग सकता है।
संशोधित वेतन 1 जनवरी, 2026 से लागू हो सकता है
आम तौर पर वेतन आयोग की सिफारिशें हर 10 साल के बाद लागू होती हैं। इस आधार पर पिछले साल अक्तूबर में जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया था कि अगर इसे ट्रेंड माना जाए तो 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी, 2026 से लागू हो सकती हैं। इसका मतलब है कि एंप्लॉयीज और पेंशनर्स को काफी ज्यादा एरियर मिलेगा।
एरियर्स का पैसा अगले साल के अंत तक आएगा
हालांकि, इस बारे में सरकार की तरफ से औपचारिक जानकारी दी जाएगी। सरकार बताएगी कि आयोग की सिफारिशें किस तारीख से लागू होंगी और कितना एरियर्स बनेगा। लेकिन, एक अनुमान के मुताबिक, अगर एंप्लॉयीज यूनियन की मांग मान ली जाती है तो 3.83 फिटमेंट फैक्टर लागू हो सकता है। साथ ही सरकार संशोधित वेतन इस साल 1 जनवरी से लागू करने का ऐलान कर सकती है। यह सही है कि एरियर्स का पैसा एंप्लॉयीज के अकाउंट में अगले साल के अंत में आएगा।
12 लाख तक एरियर्स सिर्फ बेसिक पे में संशोधन से बन सकता है
एरियर्स का अंदाजा लगाने के लिए हम एक उदाहरण का इस्तेमाल कर सकते हैं। मान लीजिए अभी एक एंप्लॉयी का मिनिमम बेसिक पे 18,000 रुपये है। वेतन में संशोधन के बाद यह बढ़कर करीब 69,000 रुपये हो जाएगा। इसका मतलब है कि बेसिक पे में करीब 51,000 रुपये की वृद्धि होगी। अगर सरकार 24 महीने का एरियर्स देती है तो एंप्लॉयी को सिर्फ बेसिक पे के एरियर्स के रूप में करीब 12.24 लाख रुपये मिलेंगे। अगर एरियर्स 18 महीने के लिए दिया जाता है तो यह अमाउंट करीब 9.18 लाख रुपये होगा।
एंप्लॉयीज को 18-24 महीने का एरियर्स मिल सकता है
एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह सिर्फ एक अनुमान है। एरियर्स का असल अमाउंट कई दूसरी बातों पर भी निर्भर करेगा। इसका ठीक तरह से पता तभी चलेगा जब सरकार वेतन में संशोधन लागू करने का ऐलान कर देगी। माना जा रहा है कि यह ऐलान अगले साल के आखिर तक हो सकता है। लेकिन, यह तय है कि वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी, 2026 से ही लागू होंगी। इसका मतलब है कि एंप्लॉयीज को एरियर्स के रूप में बड़ा अमाउंट मिलेगा।