8th Pay Commission: केंद्र सरकार ने आखिरकार 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके साथ ही 1 करोड़ से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स का इंतजार खत्म हो गया है।
सरकार ने बताया कि आयोग को अपनी सिफारिशें 18 महीनों के अंदर यानी अप्रैल 2027 तक पेश करनी होंगी। उसके बाद सरकार को इन सिफारिशों की समीक्षा और मंजूरी में लगभग 6 महीने लग सकते हैं। ऐसे में नया सैलरी स्ट्रक्चर 2027 के अंत या 2028 की शुरुआत में लागू किया जा सकता है। हालांकि, ऐसी उम्मीद है कि नया 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा।
क्या है 8वें वेतन आयोग का काम?
केंद्रीय वेतन आयोग समय-समय पर सरकार गठित करती है ताकि केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन, भत्ते, पेंशन और सर्विस शर्तों की समीक्षा की जा सके। यह आयोग हर 10 साल में एक बार बनाया जाता है। पिछला यानी 7वां वेतन आयोग 2014 में गठित हुआ था और इसकी सिफारिशें 1 जनवरी 2016 से लागू हुई थीं। 8वां वेतन आयोग भी इन्हीं दिशानिर्देशों पर काम करेगा और यह तय करेगा कि आने वाले सालों में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स का सैलरी स्ट्रक्चर कैसे होगा।
क्या होता है Terms of Reference (ToR)?
टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) दरअसल वेतन आयोग के कामकाज की रूपरेखा या गाइडलाइन होती है। इसमें यह तय किया जाता है कि आयोग किन विषयों पर सिफारिशें देगा। जैसे कि बेसिक सैलरी स्ट्रक्चर, महंगाई भत्ता (DA), पेंशन रिवीजन, भत्तों में बदलाव, और सर्विस की शर्तें आदि।
ToR के बिना कोई आयोग आधिकारिक रूप से काम शुरू नहीं कर सकता। न तो उसका चेयरमैन नियुक्त किया जा सकता है और न ही सदस्य। यह डॉक्यूमेंट आयोग को कानूनी और प्रशासनिक मान्यता देता है और तय करता है कि आयोग को किस दिशा में और कितने समय में काम पूरा करना है।
सिफारिशें बनाते समय आयोग किन बातों का ध्यान रखेगा
देश की आर्थिक स्थिति और फाइनिंशयल मैनेजमेंट को तय करना। विकास और सामाजिक कल्याण योजनाओं के लिए पर्याप्त संसाधन तय करना। नॉन कॉन्ट्रीब्यूटरी पेंशन स्कीम (Non-Contributory Pension) के बढ़ते बोझ को ध्यान में रखना। राज्य सरकारों की फाइनेंशियल क्षमता को भी जानना क्योंकि वही सिफारिशें राज्य सरकार भी अपनाती है।
कर्मचारियों और पेंशनर्स को क्या उम्मीद?
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए यह फैसला बेहद राहतभरा है। लंबे समय से 8वें वेतन आयोग की घोषणा और ToR को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। अब मंजूरी मिल जाने के बाद कर्मचारियों को उम्मीद है कि 2026 से उनकी सैलरी, भत्ते और पेंशन में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।