8th Pay Commission: रेलवे कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग से पहले एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे मंत्रालय ने किलोमीटर अलाउंस (Kilometrage Allowance) और इसके बदले मिलने वाले अलाउंस (ALK) की दरों में रिवीजन किया है, जो 1 जनवरी 2024 से लागू माना जाएगा। यह बदलाव खास तौर पर रेलवे के रनिंग स्टाफ के लिए फायदेमंद है।
यह फैसला तब लिया गया जब महंगाई भत्ता (Dearness Allowance - DA) 50% तक पहुंच गया। नियमों के अनुसार, जब DA 50% होता है तो कुछ भत्तों में रिवीजन किया जाता है। इसी के तहत अब किलोमीटर अलाउंस और ALK की दरें बढ़ाई गई हैं, जिससे कर्मचारियों की इनकम में सीधा फायदा होगा।
रेलवे के लोको पायलट और अन्य रनिंग स्टाफ के लिए नई दरें लागू की गई हैं। उदाहरण के तौर पर मेल ट्रेन चलाने वाले लोको पायलट को अब 100 किलोमीटर पर 606 रुपये और 160 किलोमीटर के हिसाब से 969 रुपये ALK मिलेगा। इसी तरह पैसेंजर और गुड्स ट्रेन के लोको पायलट, शंटिंग स्टाफ और असिस्टेंट लोको पायलट के लिए भी अलग-अलग नई दरें तय की गई हैं।
सिर्फ लोको स्टाफ ही नहीं, बल्कि ट्रैफिक रनिंग स्टाफ जैसे गार्ड्स के भत्तों में भी बदलाव किया गया है। मेल एक्सप्रेस गार्ड, पैसेंजर गार्ड और गुड्स गार्ड को भी अब पहले के मुकाबले ज्यादा अलाउंस मिलेगा।
यह बदलाव लंबे समय से रेलवे कर्मचारी संगठनों की मांग पर किया गया है। ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (AIRF) और नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन (NFIR) लगातार इस मुद्दे को उठा रहे थे। रेलवे बोर्ड ने इस पर विचार करने के बाद वित्त मंत्रालय से मंजूरी ली और फिर नई दरें लागू की गईं। हालांकि, मंत्रालय ने साफ किया है कि सिर्फ अलाउंस की दरों में बदलाव हुआ है, बाकी सभी नियम और शर्तें पहले जैसी ही रहेंगी। यानी पात्रता और भुगतान के तरीके में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कुल मिलाकर, यह फैसला रेलवे कर्मचारियों के लिए राहत लेकर आया है।