8th Pay Commission: सरकारी कर्मचारियों के लिए आठवें वेतन आयोग के प्रावधानों को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम है। कर्मचारी यूनियनों ने हाल ही में सरकार के सामने एक प्रस्ताव रखा है, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। इस प्रस्ताव में सबसे बड़ी बात न्यूनतम मूल वेतन को लेकर है, जिसे ₹18,000 से बढ़ाकर सीधे ₹69,000 करने की मांग की गई है। लेकिन क्या वाकई आपकी सैलरी में इतना बड़ा उछाल आएगा? 'नेशनल काउंसिल-JCM' के प्रस्ताव और पिछले वेतन आयोगों के इतिहास के साथ समझें पूरा गणित।
कर्मचारी संगठनों ने सरकार के सामने मांगों की एक लंबी लिस्ट रखी है, जिसमें मुख्य बिंदु ये हैं:
न्यूनतम वेतन: मौजूदा ₹18,000 से बढ़ाकर ₹69,000 करना।
फिटमेंट फैक्टर: इसे 2.57 से बढ़ाकर 3.83 करने की मांग। फिटमेंट फैक्टर वह फॉर्मूला है जिससे बेसिक सैलरी तय होती है।
सालाना इंक्रीमेंट: हर साल 6% की वेतन वृद्धि की मांग।
पेंशन: कुछ कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली और भत्तों में सुधार।
मांग और फैसले के बीच का बड़ा अंतर
सोशल मीडिया और खबरों में ₹69,000 का आंकड़ा भले ही वायरल हो रहा हो, लेकिन एक बात साफ रहनी चाहिए कि, यह यूनियन की मांग है, सरकार का फैसला नहीं। वेतन आयोग की प्रक्रिया में यूनियन हमेशा ऊंची मांग से शुरुआत करती हैं ताकि बातचीत के दौरान एक सम्मानजनक बीच का रास्ता निकाला जा सके। अभी 8वें वेतन आयोग ने अपनी सिफारिशें फाइनल नहीं की हैं और न ही सरकार ने इन आंकड़ों पर कोई सहमति जताई है।
सातवें वेतन आयोग के फैसलों से समझे सैलरी बढ़ने का गणित
अगर हम सातवें वेतन आयोग (7th CPC) को देखें, तो वहां भी मांग और हकीकत में जमीन-आसमान का अंतर था। 7th CPC में मांग में यूनियनों ने ₹26,000 मिनिमम सैलरी और 3.68 फिटमेंट फैक्टर मांगा था। तब सरकार ने ₹18,000 की मिनिमम सैलरी और 2.57 का फिटमेंट फैक्टर मंजूर किया। यानी मांग के मुकाबले सरकार ने काफी संतुलित फैसला लिया था। इस हिसाब से 8वें वेतन आयोग में भी यही ट्रेंड देखने को मिल सकता है।
कितनी मिल सकती है 'वास्तविक' सैलरी?
विशेषज्ञों और पिछले रुझानों के अनुसार, ₹69,000 का आंकड़ा थोड़ा मुश्किल लग रहा है। एक व्यावहारिक अनुमान के अनुसार, अगर सरकार फिटमेंट फैक्टर को 3 से 3.2 के बीच रखती है, तो मिनिमम बेसिक सैलरी ₹54,000 से ₹58,000 के आसपास बैठ सकती है। यह ₹69,000 से कम जरूर है, लेकिन मौजूदा ₹18,000 के मुकाबले फिर भी एक बहुत बड़ी बढ़ोतरी होगी।
सरकार के सामने 'बजट' की बड़ी चुनौती
सैलरी में चार गुना बढ़ोतरी करना सरकार के खजाने पर भारी बोझ डाल सकता है। इस फैसले का असर केंद्र के करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनर्स पर पड़ेगा, जिससे सालाना खर्च कई लाख करोड़ बढ़ जाएगा। सरकार को वेलफेयर स्कीम्स, इंफ्रास्ट्रक्चर और राजकोषीय घाटे को भी संतुलित करना होता है। इसलिए, सरकार 'कैलिब्रेटेड अप्रोच' यानी धीरे-धीरे और संतुलित तरीके से बढ़ोत्तरी का रास्ता अपना सकती है।