देश में अमीरों की लिस्ट में युवाओं से लेकर अधिक उम्र के कारोबारी शामिल हैं। इन्हीं में से एक हैं 92 साल के वेणु गोपाल बांगर। श्री सीमेंट्स के चेयरमैन वेणु गोपाल बांगर भारत के धनी लोगों में से एक है और वह पश्चिम बंगाल के सबसे अमीर व्यक्ति भी हैं। वेणु गोपाल बांगर का जन्म 1931 में हुआ था और 92 साल की उम्र में वह भारत के सबसे बुजुर्ग अरबपतियों में से एक हैं। सीमेंट सम्राट वेणु गोपाल बांगर का जन्म कोलकाता के एक मारवाड़ी कारोबारी परिवार में हुआ था और उनकी एजुकेशन कोलकत्ता विश्वविद्यालय में हुई थी।
बांगर के कारोबारी साम्राज्य की शुरुआत वेणु गोपाल बांगर के दादा मुंगी राम बांगर ने की थी, जो एक स्टॉकब्रोकर थे। कारोबार की शुरुआत 19वीं सदी के अंत में हुई थी। 1991 में फलता-फूलता कारोबार बलभद्र दास बांगर, निवास बांगर, कुमार बांगर और वेणु गोपाल बांगर (मुंगी राम के सभी पोते) और लक्ष्मी निवास बांगर (राम कूवार के पोते) के बीच पांच ग्रुप में बांट दाय गया।
वेणु गोपाल बांगर की संपत्ति
फोर्ब्स के अनुसार 17 जुलाई 2023 तक वेणु गोपाल बांगर की कुल संपत्ति 6.7 बिलियन अमेरिकी डॉलर या लगभग 57,000 करोड़ रुपये है। वेणु गोपाल बांगर कोलकाता के एक विला में रहते हैं। उनके दो बच्चे हैं। उनके बेटे हरि मोहन बांगर ने आईआईटी से ग्रेजुएशन की है। वह 1990 से श्री सीमेंट चला रहे हैं। श्री सीमेंट 1979 में लॉन्च किया गया था और वेणु गोपाल बांगर के पास बड़े कारोबार की जिम्मेदारी है। कंपनी श्री अल्ट्रा जंग रोधक, बांगर सीमेंट और रॉकस्ट्रांग के नाम से ब्रांडेड सीमेंट बेचती है।
श्री सीमेंट का मार्केट कैपिटल
श्री सीमेंट आंध्र प्रदेश में एक नए सीमेंट संयंत्र में 200 मिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश करने के लिए तैयार है। श्री सीमेंट जिसका मार्केट कैपिटल लगभग 89,750 करोड़ रुपये है। श्री सीमेंट बाजार के हिसाब से भारत की तीसरी सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी है। वेणु गोपाल बांगर ने कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए काफी मेहनत की है।