Aadhar: आधार कार्ड रखने वाले लोगों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने आधार PVC कार्ड की फीस बढ़ा दी है। अब आधार PVC कार्ड बनवाने के लिए 50 रुपये की जगह 75 रुपये कर दिया है। यह नई फीस 1 जनवरी से लागू हो चुकी है और इसमें सभी टैक्स और डिलीवरी चार्ज शामिल हैं।
UIDAI ने बताया कि यह फैसला आधार PVC कार्ड बनाने और घर तक सेफ तरीके से पहुंचाने की लागत बढ़ने के कारण लिया गया है। पिछले कुछ सालों में कार्ड की सामग्री, प्रिंटिंग, सुरक्षा फीचर्स और लॉजिस्टिक्स पर खर्च बढ़ा है। इसी को ध्यान में रखते हुए फीस में रिवीजन किया गया है, ताकि सर्विस की क्वालिटी बनी रहे।
आधार PVC कार्ड सर्विस की शुरुआत साल 2020 में की गई थी। इसका मकसद लोगों को कागज वाले आधार की जगह मजबूत, टिकाऊ और पॉकेट-साइज कार्ड का विकल्प देना था। यह कार्ड एटीएम या डेबिट कार्ड जैसा होता है और लंबे समय तक खराब नहीं होता। लोग इसे myAadhaar पोर्टल या mAadhaar मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन ऑर्डर कर सकते हैं।
UIDAI के मुताबिक नई फीस सभी नए ऑर्डर पर लागू होगी, जो UIDAI के आधिकारिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए किए जाएंगे। यह फैसला सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद लिया गया है।
UIDAI एक वैधानिक संस्था है, जिसकी स्थापना 2009 में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत की गई थी। UIDAI देश के नागरिकों को 12 अंकों का आधार नंबर जारी करती है, जो पहचान और पते के प्रमाण के तौर पर इस्तेमाल होता है। आधार का इस्तेमाल सरकारी योजनाओं, सब्सिडी, बैंकिंग, टैक्स और मोबाइल कनेक्शन जैसी कई सर्विस में किया जाता है।
कंज़्यूमर एंगल से देखें तो भले ही फीस में 25 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इसके बदले लोगों को सेफ और भरोसेमंद आधार PVC कार्ड की सर्विस मिलेगी।