Credit Cards

आधार अपडेट के लिए नए नियम, घर बैठे बदल सकेंगे नाम-फैमिली मेंबर जैसी डिटेल; जानें कब से मिलेगी सुविधा

Aadhaar Update Online: आधार अपडेट की प्रक्रिया और आसान होने वाली है। UIDAI नई सुविधा के तहत नाम, जन्मतिथि, पारिवारिक जानकारी जैसे अपडेट घर बैठे ऑनलाइन करने देगा, जिससे सेवा केंद्रों पर निर्भरता घटेगी। जानिए नई डिटेल कब से और कैसे अपडेट कर सकेंगे।

अपडेटेड Jul 06, 2025 पर 10:46 PM
Story continues below Advertisement
आधार अपडेट के कुछ मामलों में वीडियो वेरिफिकेशन की जरूरत पड़ सकती है।

Aadhaar Update Online: अभी आधार कार्ड में ज्यादातर डिटेल अपडेट कराने के लिए आधार सेवा केंद्र जाना पड़ता है। लेकिन, नवंबर 2025 से ऐसा नहीं होगा। आधार कार्डधारक कई जरूरी डिटेल को घर बैठे अपडेट कर सकेंगे।

यह सुविधा यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) की उस नई पहल का हिस्सा है, जिसका मकसद डिजिटल आधार सेवाओं को और अधिक सुविधाजनक और सुलभ बनाना है। खासकर, उन लोगों के लिए जो दूरदराज इलाकों में रहते हैं या जिन्हें आवाजाही में परेशानी होती है।

कौन-कौन से डिटेल ऑनलाइन अपडेट हो सकेंगे ?


अब तक आधार धारक myAadhaar पोर्टल पर नाम (मामूली बदलाव), पता, लिंग और जन्मतिथि (तय सीमा तक) जैसे डेमोग्राफिक डिटेल्स अपडेट कर सकते थे। नवंबर से यह दायरा और बढ़ाया जाएगा। UIDAI के अधिकारियों के अनुसार, अब कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां भी ऑनलाइन बदली जा सकेंगी।

  • नाम में बदलाव, जैसे कि स्पेलिंग सुधार या संक्षिप्त नाम को ऑनलाइन पूरा कर सकेंगे।
  • जन्मतिथि का अपडेट की सीमा और दायरे को भी बढ़ाया जाएगा।
  • पारिवारिक सदस्य की जानकारी, जैसे कि पिता या पति/पत्नी का नाम भी ऑनलाइन अपडेट हो जाएगा।
  • किसी अन्य निवासी के आधार के माध्यम से पता अपडेट भी हो सकेगा। यह दस्तावेज या सहमति आधारित रहेगा।

इसके अलावा मोबाइल नंबर और ईमेल एड्रेस अपडेट की सुविधा भविष्य में डिजिटल रूप से भी उपलब्ध कराई जा सकती है। फिलहाल, इसे आधार सेवा केंद्र पर जाकर अपडेट कराया जा सकता है।

ऑनलाइन अपडेट प्रोसेस कैसे होगा?

  • myAadhaar पोर्टल पर लॉगिन करना होगा।
  • रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा।
  • ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद डॉक्यूमेंट अपलोड करना होगा।
  • UIDAI के सिस्टम से वेरिफिकेशन के बाद अपडेट शुरू होगा।

कुछ मामलों में, जैसे नाम या जन्मतिथि में बड़े बदलाव के लिए वीडियो वेरिफिकेशन की जरूरत पड़ सकती है। सभी बदलावों की मंजूरी के बाद अपडेट की गई डिजिटल आधार कॉपी डाउनलोड की जा सकती है। UIDAI का कहना है कि अधिकांश रिक्वेस्ट 3–5 वर्किंग डे प्रोसेस कर ली जाएंगी।

इन बातों का रखना होगा ध्यान

  • अपलोड किए गए दस्तावेज साफ, वैध और अपडेट से मेल खाते होने चाहिए।
  • फर्जी दस्तावेज या गलत जानकारी देने पर आवेदन रद्द हो सकता है या आधार नंबर अस्थायी रूप से निलंबित किया जा सकता है।
  • बायोमेट्रिक बदलाव (उंगलियों के निशान, आंखों की स्कैन या फोटो) के लिए सेवा केंद्र पर जाना जरूरी रहेगा, क्योंकि यह फिजिकल वेरिफिकेशन मांगता है।

UIDAI नवंबर के करीब नई गाइडलाइन और स्वीकृत दस्तावेजों की सूची जारी करेगा। इस डिजिटल सुविधा से करोड़ों आधार धारक अब नाम, पता और पारिवारिक विवरण जैसी जानकारियां घर बैठे सुधार सकेंगे।

यह बदलाव क्यों किया गया?

कोविड महामारी के बाद से डिजिटल सेवाओं की मांग बढ़ी है। UIDAI की इस पहल का मकसद आधार सेवा केंद्रों पर भीड़ कम करना और डिजिटल अनुभव को बेहतर बनाना है। देश में अब तक 140 करोड़ से अधिक आधार नंबर जारी हो चुके हैं, और करोड़ों लोग इससे सरकारी योजनाओं, बैंकिंग और मोबाइल सेवाओं का लाभ उठाते हैं।

यह भी पढ़ें : Mutual Fund Tracker: सिर्फ PAN से मिल जाएगा म्यूचुअल फंड SIP का पूरा हिसाब, बड़ा आसान है तरीका

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।