Aadhar Card: भारत में आधार कार्ड हर उम्र के व्यक्ति के लिए सबसे अहम पहचान डॉक्यूमेंट बन चुका है। अब बच्चों के आधार से जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आई है। UIDAI यानी भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने साफ चेतावनी दी है कि अगर किसी बच्चे का आधार 5 साल की उम्र से पहले बन चुका है और 7 साल तक उसमें बायोमेट्रिक अपडेट नहीं हुआ, तो आधार बंद हो सकता है।
असल में छोटे बच्चों का आधार सिर्फ नाम, जन्मतिथि, पता और फोटो के आधार पर बनता है, क्योंकि उस उम्र में उनकी बायोमेट्रिक पहचान फिंगरप्रिंट और आईरिस पूरी तरह विकसित नहीं होती। यही कारण है कि UIDAI ने 5 और 15 साल की उम्र पर आधार अपडेट अनिवार्य कर दिया है। यदि यह समय पर नहीं किया गया तो बच्चे को स्कूल एडमिशन, एग्जाम, स्कॉलरशिप या किसी भी सरकारी स्कीम में मुश्किल आ सकती है।
17 करोड़ बच्चों का अपडेट बाकी
UIDAI के मुताबिक देश में करीब 17 करोड़ बच्चों के आधार अभी अपडेट होने बाकी हैं। इस काम को तेज करने के लिए UIDAI ने कई कदम उठाए हैं। स्कूलों में आधार अपडेट कैंप लगाए जा रहे हैं, UDISE+ प्लेटफॉर्म पर बच्चों की लिस्ट तैयार हो रही है और माता-पिता को SMS के जरिए लगातार रिमाइंडर भेजे जा रहे हैं।
कब और कैसे मिलेगा फ्री अपडेट?
बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट 5 से 7 साल की उम्र के बीच बिल्कुल मुफ्त है। अगर माता-पिता इस पीरियड में बच्चे का आधार अपडेट करवा देते हैं तो उन्हें कोई शुल्क नहीं देना होगा। लेकिन 7 साल की उम्र पूरी होने के बाद अपडेट कराने पर 100 रुपये का शुल्क देना पड़ेगा। यदि स्कूल में अपडेट की सुविधा नहीं मिल पा रही है तो माता-पिता किसी भी नजदीकी Aadhaar Seva Kendra या रजिस्टर एनरोलमेंट सेंटर पर जाकर यह काम करवा सकते हैं।
अपडेट कराने के लिए सबसे पहले UIDAI की वेबसाइट पर जाकर Locate an Enrolment Center का ऑप्शन चुनो। यहां State या PIN Code डालकर नजदीकी केंद्र की जानकारी मिल जाएगी। फिर माता-पिता को बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल आईडी या अन्य मान्य पहचान पत्र और अपना Aadhaar कार्ड साथ लेकर जाना होगा। इनके आधार पर बच्चे की फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन करके अपडेट कर दिया जाएगा।
UIDAI का यह कदम बच्चों के लिए भविष्य में किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के लिए बेहद अहम है। माता-पिता को चाहिए कि समय रहते बच्चों का Aadhaar अपडेट करा लें, ताकि स्कूल से लेकर स्कॉलरशिप और सरकारी योजनाओं तक किसी भी सुविधा में परेशानी न आए।