सालाना 25,00,000 रुपये की सैलरी कम है या ज्यादा? क्या तीन सदस्यों वाले परिवार के लिए यह सैलरी पर्याप्त नहीं है? दरअसल, एक यूजर के सालाना 25 लाख रुपये की सैलरी को कम बताने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नई बहस छिड़ गई है। इस यूजर ने अलग-अलग तरह से प्रतिक्रिया जताई है। दरअसल, इंडिया में सालाना 25 लाख रुपये की सैलरी कम नहीं कही जा सकती। खासकर तीन सदस्यों वाले परिवार के लिए तो यह कतई कम नहीं है। आइए इस पूरे मामले को विस्तार से जानते हैं।
25 लाख की सैलरी के बाद भी सेविंग्स के लिए पैसे नहीं
सौरव दत्ता नाम के यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह पोस्ट किया था। दत्ता के पहले के कुछ पोस्ट पर भी विवाद हो चुका है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है कि सालाना 25 लाख रुपये की सैलरी एक परिवार के लिए काफी कम है। उन्होंने बताया है कि इसमें से हर महीने 1.5 लाख रुपये ही हाथ में आते हैं। उन्होंने अपने खर्च का भी हिसाब बताया है। इसके मुताबिक, हर महीने 1 लाख रुपये जरूरी चीजों और EMI/रेंट पर खर्च हो जाता है। 25,000 रुपये खानेपीने, फिल्में देखने, ओटीटी और रोजाना कहीं आनेजाने पर खर्च हो जाते हैं। 25,000 रुपये मेडिकल और इमर्जेंसी खर्च में चला जाता है। इसके बाद सेविंग्स के लिए एक पैसा नहीं बचता है।
महंगाई तेजी से बढ़ने के बावजूद कम नहीं है 25 लाख सैलरी
क्या सालाना 25,00,000 रुपये सैलरी वाले व्यक्ति के पास सेविंग्स के लिए कोई पैसा नहीं बचता है? यह सवाल पूछने पर ज्यादातर लोग चौंक जाएंगे? यह सही है कि पिछले कुछ सालों में महंगाई बहुत बढ़ गई है। खानेपीने की चीजें महंगी हो गई है। कोविड की महामारी के बाद घर का किराया तेजी से बढ़ा है। इसके बावजूद 25,00,000 रुपये की सालाना सैलरी को कम नहीं कहा जा सकता। नौकरी करने वाले ज्यादातर लोग इस सैलरी का सपना देखते हैं। बहुत कम लोगों की सैलरी ही इस लेवल की है। इसलिए दत्ता के पोस्ट पर यूजर की जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली है।
यूजर के खर्च पर लोगों ने उठाए सवाल
कई यूजर्स ने एक्स पर दत्ता के खर्च के ट्रेंड पर सवाल उठाए हैं। खासकर हर महीने एंटरटेनमेंट और खानेपीने पर 25,000 रुपये का खर्च यूजर्स को हजम नहीं हो रहा है। एक दूसरे यूजर ने लिखा है कि आप हर महीने खानेपीने, ओटीटी और फिल्में देखने पर 25,000 रुपये खर्च कर देते हैं फिर आप शिकायत करते हैं कि बचत के लिए एक पैसा नहीं बचता है। दरअसल, दत्ता ने अपने परिवार का जो बजट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बताया है, वह किसी तरह से व्यावहारिक नहीं लगता है।
यह भी पढ़ें: Retail Inflation घटने से खुश हैं? जानिए क्रूड में उछाल और मध्यपूर्व में बढ़ता टकराव क्यों खेल बिगाड़ सकते हैं
ज्यादातर लोगों ने 25 लाख की सैलरी को अच्छा बताया
हालांकि, सोशल मीडिया पर उठाए गए सवालों से दत्ता पर कोई फर्क नहीं पड़ता दिख रहा है। उन्होंने अपने जवाब में कहा है कि महान व्यक्तियों की खिल्ली तो लोग उड़ाते ही हैं। लेकिन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके पोस्ट के जवाब में जितनी प्रतिक्रिया आई है, उसे देख यह साफ हो जाता है कि ज्यादातर लोग इस सैलरी को अच्छा मानते हैं। हालांकि, कई यूजर्स ने कहा है कि कोई सैलरी कम है या ज्यादा, यह इस बात पर निर्भर करता है कि व्यक्ति किस शहर में रहता है और उसकी लाइफ स्टाइल क्या है।