Apple Inc. भारत में Apple Pay के जरिए पेमेंट सर्विसेज शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए वह प्रमुख भारतीय बैंकों और ग्लोबल कार्ड नेटवर्क्स के साथ बातचीत कर रही है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का कहना है कि एपल, ICICI Bank Ltd., HDFC Bank Ltd. और Axis Bank Ltd. के साथ बातचीत कर रही है। कंपनी का मकसद 2026 के बीच में भारत में अपनी पेमेंट सर्विस शुरू करना है। टाइमलाइन अभी पक्की नहीं है, लेकिन बातचीत से पता चलता है कि लॉन्च जल्द ही होने वाला है।
रिपोर्ट के मुताबिक, Apple इस प्लान पर पेमेंट नेटवर्क मास्टरकार्ड इंक और वीजा इंक के साथ भी बात कर रही है। भारत में Apple Pay से उम्मीद है कि यह कार्ड बेस्ड पेमेंट के साथ-साथ भारत के सरकारी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानि UPI को भी सपोर्ट करेगा। UPI से भारतीय कस्टमर तुरंत पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं और बिल भर सकते हैं। यह भारत के डिजिटल पेमेंट स्पेस में सबसे आगे है। UPI को नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ऑपरेट और मैनेज करती है।
भारत में Apple Pay के कॉम्पिटीटर्स में अल्फाबेट इंक का Google Pay, Paytm, वॉलमार्ट इंक के कंट्रोल वाला PhonePe और Amazon Pay शामिल हैं। Apple Pay, टैप-टू-पे, वेबसाइट और ऐप के जरिए इन-पर्सन पेमेंट को अप्रूव करने के लिए फेस ID या टच ID पर निर्भर है। डिजिटल पेमेंट को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक ने पिछले साल के आखिर में नए नियम बनाए थे। ये डिजिटल पेमेंट के लिए बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन, जैसे फिंगरप्रिंट या फेशियल रिकग्निशन, की इजाजत देते हैं। इससे पहले भारतीय ऑथेंटिकेशन सिस्टम ज्यादातर टेक्स्ट मैसेज के जरिए भेजे जाने वाले वन-टाइम पासवर्ड पर डिपेंड करता था।
सस्ते मोबाइल डेटा और सरकार के सपोर्ट से भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते डिजिटल पेमेंट मार्केट में से एक है। देश में 75 करोड़ से ज्यादा स्मार्टफोन यूजर हैं। Apple Pay के ट्रांजेक्शन में Apple का भी हिस्सा रहता है। ऐसे में भारत में Apple Pay लॉन्च होने से कंपनी के हार्डवेयर की डिमांड बढ़ सकती है। Apple ने भारत में स्मार्टफोन की बिक्री में अपना मार्केट शेयर लगातार बढ़ाकर लगभग 10% कर लिया है। कंपनी भारत में अपनी रिटेल मौजूदगी तेजी से बढ़ा रही है। इसने इस हफ्ते मुंबई में अपना छठा स्टोर खोला।