Atal Pension Yojana: हर महीने ₹5000 पेंशन के लिए हर महीने कितना निवेश करना होगा, समझिए पूरा कैलकुलेशन

Atal Pension Yojana: अटल पेंशन योजना के जरिए 60 साल की उम्र के बाद हर महीने ₹5,000 की गारंटीड पेंशन मिल सकती है। जानिए 30 साल की उम्र में खाता खुलवाने पर हर महीने कितना निवेश करना होगा। साथ ही समझिए किस्तों का पूरा हिसाब और योजना के जरूरी नियम।

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 3:59 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जितनी देर से APY में शामिल होंगे, उतनी ज्यादा किस्त देनी होगी।

Atal Pension Yojana: हर कोई चाहता है कि रिटायरमेंट के बाद कोई नियमित कमाई का जरिया रहे। ताकि हर छोटी मोटी जरूरत के लिए किसी और निर्भर न रहना पड़े। केंद्र सरकार की अटल पेंशन योजना (APY) यही काम करती है।

यह एक सरकारी पेंशन स्कीम है। इसमें नौकरीपेशा और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोग निवेश कर सकते हैं। खास बात यह है कि 60 साल की उम्र के बाद हर महीने ₹1,000 से ₹5,000 तक की गारंटीड पेंशन मिलती है।

कौन खोल सकता है APY अकाउंट?


अटल पेंशन योजना में 18 से 40 साल की उम्र के भारतीय नागरिक शामिल हो सकते हैं। हालांकि, 1 अक्टूबर 2022 से इनकम टैक्स भरने वाले लोग नया APY अकाउंट नहीं खोल सकते। इस तारीख से पहले योजना में शामिल हो चुके लोग अपना अकाउंट जारी रख सकते हैं।

इसमें बैंक या पोस्ट ऑफिस में मौजूद सेविंग अकाउंट के जरिए रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। कई बैंक ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी देते हैं।

30 साल की उम्र में कितना करना होगा निवेश?

मान लीजिए आपकी उम्र 30 साल है और आप 60 साल के बाद हर महीने ₹5,000 पेंशन चाहते हैं। इसके लिए आपको 30 साल तक योगदान करना होगा। भुगतान की सुविधा मासिक, तिमाही और छमाही आधार पर उपलब्ध है।

भुगतान का तरीका किस्तों की संख्या हर किस्त की रकम कुल निवेश
मासिक 360 ₹577 ₹2,07,720
तिमाही 120 ₹1,720 ₹2,06,400
छमाही 60 ₹3,405 ₹2,04,300

यानी 30 साल की उम्र में योजना शुरू करने पर करीब ₹2.04 लाख से ₹2.08 लाख तक कुल योगदान करना होगा। इसके बाद 60 साल की उम्र से हर महीने ₹5,000 पेंशन मिलेगी।

खाताधारक की मौत के बाद क्या होगा?

APY में खाताधारक को जीवनभर पेंशन मिलती है। उसकी मृत्यु के बाद यही पेंशन पति या पत्नी को दी जाती है। दोनों की मृत्यु के बाद जमा पेंशन कॉर्पस नॉमिनी को मिलता है। ₹5,000 पेंशन वाले विकल्प में यह रकम ₹8.5 लाख है।

इस योजना में ब्याज की कोई तय दर घोषित नहीं होती। इसमें चुनी गई पेंशन की रकम की गारंटी होती है। निवेश का मैनेजमेंट PFRDA के दिशानिर्देशों के तहत SBI Pension Fund, LIC Pension Fund और UTI Retirement Solutions करते हैं। अगर निवेश से मिलने वाला रिटर्न तय पेंशन के लिए पर्याप्त नहीं होता, तो केंद्र सरकार कमी पूरी करती है।

अटल पेंशन योजना में इन 5 बातों का रखें ध्यान

  • APY की किस्त आपके सेविंग अकाउंट से अपने आप कटती है। इसलिए खाते में पर्याप्त बैलेंस रखें।
  • समय पर योगदान नहीं करने पर तय नियमों के मुताबिक अतिरिक्त शुल्क लग सकता है।
  • योजना में ₹1,000 से ₹5,000 तक की पेंशन का विकल्प है। पेंशन स्लैब चुनते समय अपनी जरूरत का ध्यान रखें।
  • जितनी देर से APY में शामिल होंगे, उतनी ज्यादा किस्त देनी होगी। इसलिए पात्रता के दौरान जल्दी शुरुआत करना फायदेमंद हो सकता है।
  • APY में योगदान पर टैक्स छूट का दावा करने से पहले मौजूदा इनकम टैक्स नियमों और अपनी टैक्स व्यवस्था की पात्रता जरूर जांचें।

SIP Calculator: ₹5000 की SIP को लार्ज, मिड और स्मॉल कैप फंड में कैसे बांटें? समझिए जोखिम

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।