भारत में सोने का आयात इस साल अप्रैल-अक्टूबर के दौरान सालाना आधार पर लगभग 40 प्रतिशत घट गया। इन 7 महीनों में देश ने 24.7 अरब डॉलर का सोना खरीदा। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने यह जानकारी दी है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गोयल का कहना है कि भारत ने अप्रैल से अक्टूबर, 2025 के बीच 41.24 अरब डॉलर का सोना आयात किया था। वहीं 2026 की समान अवधि में आंकड़ा 24.7 अरब डॉलर रहा, यानि कि आयात में 16.46 अरब डॉलर की गिरावट आई है।
गोयल के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में सोने का आयात लगभग 72 अरब डॉलर का रहा था। वित्त वर्ष 2026-27 में इसके 35 अरब डॉलर से 40 अरब डॉलर के बीच रहने का अनुमान है। गोयल ने सोने की खरीद में आई गिरावट का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को दिया है। उन्होंने सोने की कीमतों में आई गिरावट का भी जिक्र किया और कहा कि इससे उपभोक्ताओं व व्यापारियों के लिए इस कीमती धातु को खरीदने की लागत कम हुई है।
इस साल शादी सीजन में लगभग 52 लाख शादियां होने की उम्मीद
पीटीआई के मुताबिक, गोयल ने कहा कि इस साल शादी के सीजन में लगभग 52 लाख शादियां होने की उम्मीद है। इससे करीब 6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। कुल कारोबार में सोने और चांदी समेत गहनों का योगदान लगभग 8-10 प्रतिशत रहने का अनुमान है। सोने की कीमत में आई गिरावट से शादी के सीजन में परिवारों के लिए गहने खरीदने का खर्च कम होने में भी मदद मिल सकती है।
23 नवंबर को कैसी रही थी सोने की चाल
23 नवंबर को दिल्ली के सराफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,500 रुपये बढ़कर 1,26,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। शादियों के सीजन में मांग बढ़ने की उम्मीद और वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच सोने में उछाल आया। इसके साथ ही सोने की कीमतों में लगातार 10 कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया। चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये बढ़कर 1.57 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वायदा बाजार में भी सोने और चांदी में अच्छी तेजी रही थी। 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर शेयर बाजार, मुद्रा बाजार, कमोडिटी मार्केट और सराफा बाजार बंद हैं।