SIP Vs Lump Sum: पांच लाख रुपये निवेश करना है, सिप और एकमुश्त में से किससे निवेश करने में ज्यादा फायदा?

SIP यानी सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान के जरिए निवेशक हर महीने या तय अंतराल पर म्यूचुअल फंड में एक निश्चित रकम निवेश करते हैं। इसमें एक साथ बड़ी रकम लगाने के बजाय निवेश को छोटी-छोटी किस्तों में बांट दिया जाता है

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 4:14 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
लंपसम या एकमुश्त निवेश में निवेशक पूरा पैसा एक ही बार में म्यूचुअल फंड में लगा देता है।

ज्यादातर लोग सिप के जरिए म्यूचुअल फंड की स्कीम में हर महीने इनवेस्ट करते हैं। यह स्ट्रेटेजी उन इनवेस्टर्स के लिए अच्छी है, जो नौकरी करते हैं और जिन्हें महीने के अंत में सैलरी मिलती है। सवाल है कि अगर किसी व्यक्ति के पास एकमुश्त यानी एक बार में निवेश के लिए मोटा पैसा है तो उसे क्या करना चाहिए? उसे सिप के रास्ते थोड़ा-थोड़ा कर इस पैसे का इस्तेमाल करना चाहिए या एक बार में पूरे पैसे का निवेश कर देना चाहिए?

हैदराबाद स्थित अखिल कंचेरला एंड एसोसिएट्स के फाउंडर और चार्टर्ड अकाउंटेंट अखिल कंचेरला के मुताबिक, SIP और एकमुश्त निवेश दोनों ही तरीकों से इनवेस्ट किया जा सकता है। दोनों तरीकों के अपने फायदे और जोखिम हैं। इन दोनों विकल्पों में से किसी एक का चुनाव इनवेस्टर अपनी स्थिति के हिसाब से कर सकता है।

SIP क्या है और कैसे काम करती है?


SIP यानी सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान के जरिए निवेशक हर महीने या तय अंतराल पर म्यूचुअल फंड में एक निश्चित रकम निवेश करते हैं। इसमें एक साथ बड़ी रकम लगाने के बजाय निवेश को छोटी-छोटी किस्तों में बांट दिया जाता है। उदाहरण के लिए, राहुल हर महीने 10,000 रुपये की SIP शुरू करता है। अगर वह पांच साल तक निवेश जारी रखता है तो 60 महीनों में उसका कुल निवेश 6 लाख रुपये होगा।

हर किस्त से निवेशक को उस समय के म्यूचुअल फंड के नेट एसेट वैल्यू (NAV) के आधार पर यूनिट मिलती हैं। जब NAV कम होता है तो एक ही रकम में ज्यादा यूनिट मिलती हैं, जबकि NAV बढ़ने पर कम यूनिट मिलती हैं। अलग-अलग कीमतों पर यूनिट खरीदने की इस प्रक्रिया को रुपी कॉस्ट एवरेजिंग कहते हैं। इसका फायदा यह है कि निवेशक को बाजार के एक ही स्तर पर पूरी रकम लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।

एकमुश्त निवेश क्या है?

लंपसम या एकमुश्त निवेश में निवेशक पूरा पैसा एक ही बार में म्यूचुअल फंड में लगा देता है। इसे एक उदाहरण की मदद से समझा जा सकता है। मान लीजिए प्रिया को 5 लाख रुपये का बोनस मिलता है। वह इस पूरी रकम को किसी इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश करने का फैसला करती है। उसे निवेश के दिन फंड की NAV के आधार पर यूनिट मिल जाएंगी। एकमुश्त निवेश का सबसे बड़ा फायदा यह है कि पूरी रकम तुरंत बाजार में निवेश हो जाती है।

किसके लिए SIP बेहतर विकल्प हो सकती है?

अगर आप हर महीने सैलरी पाते हैं और अपनी आमदनी का एक हिस्सा नियमित रूप से निवेश करना चाहते हैं तो SIP आपके लिए उपयोगी हो सकती है। यह उन लोगों के लिए भी अच्छा विकल्प हो सकता है जो पहली बार म्यूचुअल फंड में निवेश शुरू कर रहे हैं और एक साथ बड़ी रकम लगाने का जोखिम नहीं लेना चाहते।

SIP के जरिए रिटायरमेंट प्लानिंग, बच्चों की उच्च शिक्षा और लंबी अवधि में संपत्ति बनाने जैसे लक्ष्यों के लिए नियमित निवेश किया जा सकता है। इसके अलावा, यह निवेश में अनुशासन बनाए रखने में भी मदद करती है।

किन निवेशकों के लिए लंपसम निवेश सही?

अगर आपके पास बोनस, विरासत या लंबे समय से जमा की गई बचत के रूप में अतिरिक्त रकम उपलब्ध है तो आप एकमुश्त निवेश पर विचार कर सकते हैं। यह विकल्प उन निवेशकों के लिए उपयुक्त हो सकता है जिनका निवेश का नजरिया लंबी अवधि का है और जो पूरी रकम एक साथ बाजार में लगाने के जोखिम को समझते हैं।

SIP और लंपसम के बीच एक तीसरा विकल्प भी है STP

अगर आपके पास बड़ी रकम है, लेकिन आप पूरी रकम एक साथ इक्विटी म्यूचुअल फंड में लगाने को लेकर सहज नहीं हैं तो सिस्टेमैटिक ट्रांसफर प्लान (STP) पर विचार कर सकते हैं।

इसके जरिए निवेशक एक म्यूचुअल फंड स्कीम से दूसरी स्कीम में तय अंतराल पर धीरे-धीरे रकम ट्रांसफर कर सकता है। उदाहरण के लिए, बड़ी रकम को किसी लिक्विड फंड में रखकर वहां से नियमित अंतराल पर इक्विटी फंड में ट्रांसफर किया जा सकता है। हालांकि, STP में भी बाजार का जोखिम बना रहता है। इसके अलावा, फंड के प्रकार और लागू टैक्स नियमों को समझना जरूरी है।

डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।