Credit Cards

Baal Aadhaar Card: 5 साल से छोटे बच्चों का कैसे बनेगा आधार कार्ड? स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस के साथ जानिए फायदे

Baal Aadhaar Card: बाल आधार 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए जरूरी पहचान दस्तावेज है। यह सरकारी योजनाओं, स्कूल एडमिशन और पहचान-सबूत के लिए काम आता है। जानिए इसे बनवाने का स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस।

अपडेटेड Sep 28, 2025 पर 4:55 PM
Story continues below Advertisement
बाल आधार कार्ड 5 साल से छोटे बच्चों के लिए जारी किया जाने वाला आधार दस्तावेज है।

Baal Aadhaar Card: आज आधार हर किसी के लिए सबसे जरूरी दस्तावेज बन गया है। बैंक खाता खुलवाने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार की जरूरत पड़ती है। यह 12 अंकों की यूनिक पहचान संख्या होती है, जिसे UIDAI यानी यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया जारी करता है। आधार को पहचान और पते के प्रमाण के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है।

पांच साल से छोटे बच्चों के लिए एक खास वर्जन होता है, जिसे बाल आधार कहा जाता है। इसमें बच्चे का नाम, फोटो, जन्म तिथि और लिंग शामिल होता है। यह माता-पिता के आधार नंबर से जुड़ा होता है। इस उम्र के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक डेटा जैसे उंगलियों के निशान या आइरिस स्कैन की जरूरत नहीं होती।

पासपोर्ट जैसी कई डॉक्यूमेंट्स को आधार से लिंक करना होता है, इसलिए अपने बच्चों के लिए बाल आधार बनवाना और भी जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं कि आप अपने बच्चे का बाल आधार कैसे आसानी से बनवा सकते हैं।


बाल आधार क्या है

बाल आधार कार्ड 5 साल से छोटे बच्चों के लिए जारी किया जाने वाला आधार दस्तावेज है। इस उम्र के बच्चों से बायोमेट्रिक जानकारी जैसे उंगलियों के निशान और आंखों का स्कैन नहीं लिया जाता, क्योंकि यह डेटा स्थिर नहीं होता। कार्ड में केवल बच्चे की तस्वीर, नाम, जन्म तिथि और माता-पिता की जानकारी दर्ज होती है।

Baal Aadhaar Card news (1)

बाल आधार कहां बनता है

आप किसी भी अधिकृत आधार सेवा केंद्र पर जाकर बाल आधार बनवा सकते हैं। कई सरकारी और निजी अस्पतालों में जन्म के समय ही आधार नामांकन की सुविधा भी उपलब्ध होती है, जहां बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र और आधार एक साथ बनवाया जा सकता है।

बाल आधार के लिए आवेदन कैसे करें

बाल आधार 5 साल से कम उम्र के बच्चों का बनता है। इसे आप ऑनलाइन (अपॉइंटमेंट बुकिंग के लिए) और ऑफलाइन दोनों तरीके से कर सकते हैं।

ऑनलाइन स्टेप्स (अपॉइंटमेंट बुकिंग)

  • UIDAI की वेबसाइट पर जाएं।
  • 'My Aadhaar' में जाकर 'Book an Appointment' पर क्लिक करें।
  • अपना शहर और मोबाइल नंबर चुनें। OTP आएगा उसे वेरिफाई करें।
  • Aadhaar सेवा केंद्र या एनरोलमेंट सेंटर में जाने की तारीख और समय चुनें।

बाल आधार बनवाने के लिए पेरेंट को अपनी बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन और आधार की जानकारी देनी होगी। प्रोसेसिंग के बाद,बाल आधार आपके पते पर भेज दिया जाएगा। आप इसे UIDAI की वेबसाइट से चेक या डाउनलोड भी कर सकते हैं।

ऑफलाइन प्रोसेस

  • नजदीकी आधार एनरोलमेंट सेंटर पर जाएं।
  • फॉर्म भरें, बच्चे के दस्तावेज जमा करें।
  • माता-पिता अपनी बायोमेट्रिक और आधार जानकारी दें।
  • आपको एक acknowledgment स्लिप मिलेगी।
  • इसमें एनरोलमेंट ID होगी, इसे स्टेटस चेक करने के लिए संभाल कर रखें।
  • बाल आधार लगभग 60 से 90 दिन में डिलीवर हो जाएगा।

Baal Aadhaar Card news

बाल आधार के लिए जरूरी दस्तावेज

बाल आधार के लिए आपको बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र या हॉस्पिटल डिस्चार्ज स्लिप, एक माता-पिता का आधार कार्ड क्योंकि बच्चे का आधार उससे लिंक होता है। साथ ही, एड्रेस प्रूफ चाहिए, जो माता-पिता के आधार का या स्थानीय प्राधिकरण द्वारा जारी प्रमाण पत्र हो सकता है।

बाल आधार बनवाने की फीस

5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए बाल आधार पूरी तरह मुफ्त है। इसके लिए किसी भी नामांकन या प्रक्रिया पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता। जब बच्चा 5 साल का हो जाता है, तो उसकी उंगलियों और आंखों के निशान अपडेट कराने के लिए उसे आधार केंद्र जाना होगा। यह बायोमेट्रिक अपडेट भी पूरी तरह निशुल्क होता है।

बाल आधार बनवाने के फायदे

  • यह बच्चे की पहचान (Identity Proof) और पते का सबूत (Address Proof) होता है।
  • बच्चे को सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ दिलाने में मदद करता है।
  • स्कूल एडमिशन और स्कॉलरशिप जैसी प्रक्रियाओं में काम आता है।
  • अस्पताल, स्वास्थ्य बीमा और टीकाकरण जैसी सेवाओं में बच्चे की पहचान के तौर पर उपयोगी है।
  • बच्चा जब बड़ा होगा तो 5 साल और 15 साल की उम्र में जानकारी अपडेट करके यह आधार आगे भी मान्य रहेगा।

जब बच्चा 5 साल का हो जाए

जब बच्चा 5 साल या उससे ज्यादा का हो, तो उसके आधार के लिए बायोमेट्रिक डेटा जैसे उंगलियों के निशान, आइरिस स्कैन और फोटो इकट्ठा करना जरूरी होता है। अगर बाल आधार 5 साल से पहले जारी किया गया था और उसमें बायोमेट्रिक नहीं था, तो 5 साल की उम्र में बायोमेट्रिक डेटा अपडेट करना होगा।

15 साल की उम्र में फिर से अपडेट करना होता है। इसमें बायोमेट्रिक और फोटो का री-एनरोलमेंट होता है। 5 और 15 साल के बीच जरूरत पड़ने पर एनरोलमेंट सेंटर जाकर छोटे शुल्क पर डिटेल अपडेट भी कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें : Aadhaar update app: घर बैठे अपडेट होगा आधार, आने वाला है नया ऐप; जानिए पूरी डिटेल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।