Bajaj Finance ने पिछले हफ्ते एक बार फिर फिक्स्ड डिपॉजिट पर इंटरेस्ट रेट बढ़ा दिया। अब 44 महीने के डिपॉजिट पर इंटरेस्ट रेट 8.35 फीसदी हो गया है, जो सबसे ज्यादा है। बुजुर्गों को 0.25 फीसदी ज्यादा इंटरेस्ट मिलेगा। इससे सीनियर सिटीजंस के लिए इंटरेस्ट रेट 8.60 फीसदी हो जाएगा। सवाल है कि क्या आपको ज्यादा इंटरेस्ट कमाने के इस मौके का इस्तेमाल करना चाहिए? आइए इस सवाल का जवाब जानने की कोशिश करते हैं।
बजाज फाइनेंस के इस एफडी का इंटरेस्ट रेट ज्यादा होने के साथ ही उसकी क्रेडिट रेटिंग भी हाई है। इसलिए इसमें निवेश करना फायदेमंद है। लेकिन, छोटी अवधि के एफडी में ज्यादा इंटरेस्ट रेट्स के दूसरे ऑप्शंस भी हैं। हालांकि, आपको यह समझने की जरूरत है कि सेफ्टी के मामले में एनबीएफसी डिपॉजिट और बैंक एफडी को एक बराबर नहीं माना जा सकता है। इसलिए एनबीएफसी के डिपॉजिट में सिर्फ ऐसे लोगों को निवेश करना चाहिए, जो थोड़ा रिस्क ले सकते हैं। सीनियर सिटीजंस के लिए पोस्ट ऑफिस की सीनियर सिटीजंस सेविंग्स स्कीम (SCSS) का इंटरेस्ट रेट भी 8.2 फीसदी है। इसमें किसी तरह का रिस्क भी नहीं है।
बजाज फाइनेंस के इस एफडी के साथ अच्छी बात यह है कि इसे AAA रेटिंग हासिल है। यह ज्यादा सेफ्टी का संकेत है। इसका मतलब है कि कंपनी के डिफॉल्ट करने का रिस्क न के बराबर है। इसका इंटरेस्ट रेट भी दूसरी एनबीएफसी के फिक्स्ड डिपॉजिट के मुकाबले ज्यादा है। इसमें मिनिमम डिपॉजिट अमाउंट 15,000 रुपये है। जर्मिनेट इनवेस्टर सर्विसेज के फाउंडर संतोष जोसफ ने कहा, "इंटरेस्ट रेट बढ़ने और टैक्स के नियम म्यूचुअल फंड की डेट स्कीमों की तरह होने से अच्छी कंपनियों के फिक्स्ड डिपॉजिट निवेश के लिए काफी अट्रैक्टिव हैं।"
बैंक भी दे रहे अट्रैक्टिव रेट्स
बजाज फाइनेंस के 36 महीने और 48 महीने के डिपॉजिट पर इंटरेस्ट रेट 8.05 फीसदी है। यह एएए रेटिंग वाली दूसरी एनबीएफसी के डिपॉजिट के इंटरेस्ट रेट से ज्यादा है। यह कई दूसरे बैंकों के एफडी के इंटरेस्ट रेट से भी ज्यादा है। BankBazar के डेटा बताते हैं कि ज्यादातर बड़े सरकारी बैंक तीन से पांच साल के एफडी पर 6.5 से 7.2 फीसदी इंटरेस्ट रेट ऑफर कर रहे हैं। IndusInd Bank और IDFC First Bank तीन साल के डिपॉजिट पर 7.75 फीसदी इंटरेस्ट रेट ऑफर कर रहे हैं।
छोटी अवधि के लिए कई ऑप्शंस
लेकिन, अगर आप छोटी अवधि के लिए डिपॉजिट करना चाहते हैं तो बजाज फाइनेंस से बेहतर ऑप्शन उपलब्ध हैं। दो साल के डिपॉजिट पर महिंद्रा फाइनेंसका इंटरेस्ट रेट 7.6 फीसदी है। सुंदरम फाइनेंस भी इतना ही इंटरेस्ट रेट ऑफर कर रहा है। यह बजाज फाइनेंस के 7.55 फीसदी इंटरेस्ट रेट से ज्यादा है। कुछ छोटे बैंकों के एफडी के रेट्स भी बजाज फाइनेंस के रेट्स से ज्यादा हैं।