Bank of Baroda: अगर आप UPI पेमेंट करते समय बार-बार PIN डालने से परेशान हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। Bank of Baroda ने अपने UPI ऐप bob इ Pay में कई नए फीचर्स जोड़ दिए हैं। अब ग्राहक फिंगरप्रिंट या चेहरे की पहचान (Face Recognition) के जरिए भी UPI पेमेंट कर सकेंगे।
5,000 रुपये तक का पेमेंट बायोमेट्रिक से
बैंक के मुताबिक bob इ Pay ऐप इस्तेमाल करने वाले ग्राहक 5,000 रुपये तक के UPI ट्रांजैक्शन को मोबाइल में रजिस्टर्ड फिंगरप्रिंट या फेस ऑथेंटिकेशन से मंजूरी दे सकेंगे। यह सुविधा व्यक्ति से व्यक्ति (P2P) और दुकान या व्यापारी (P2M) दोनों तरह के पेमेंट के लिए उपलब्ध होगी। बैलेंस चेक करने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। हालांकि ग्राहक चाहें तो पहले की तरह UPI PIN का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
अब चेहरे से सेट होगा UPI PIN
बैंक ने UPI PIN सेट या रीसेट करने की प्रक्रिया को भी आसान बना दिया है। अब ग्राहक आधार से जुड़े फेस ऑथेंटिकेशन और OTP की मदद से अपना UPI PIN बना या बदल सकेंगे। इससे डेबिट कार्ड की जरूरत कम हो जाएगी और प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी।
स्मार्ट डिवाइस से भी कर सकेंगे पेमेंट
बैंक ने IoT इंटरनेट ऑफ थिंग्स आधारित पेमेंट सुविधा भी शुरू की है। इसके तहत ग्राहक अपनी कनेक्टेड कार या स्मार्ट डिवाइस को bob इ Pay ऐप से जोड़कर सीधे पेमेंट कर सकेंगे।