Bank Strike: जानिए पीएनबी, यूनियन बैंक और बैंक ऑफ इंडिया ने तीन दिन की हड़ताल से पहले एंप्लॉयीज से क्या कहा

Bank Strike: पंजाब नेशनल बैंक (PNB), यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI), बैंक ऑफ इंडिया (BOI) और इंडियन बैंक ने अपने ग्राहकों को हड़ताल की वजह से होने वाली दिक्कतों से बचाने के लिए कदम उठाए हैं। इन बैंकों ने तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल से पहले अपने एंप्लॉयीज को नए मैसेज भेजे हैं

अपडेटेड Sep 23, 2026 पर 3:33 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बैंकों के एंप्लॉयीज की सबसे बड़ी मांग हफ्ते में पांच दिन के कामकाज की है।

Bank Strike: अगले हफ्ते सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) में तीन दिन की हड़ताल है। इन बैंकों की सभी शाखाओं में हड़ताल की वजह से 28 सितंबर से लेकर 30 सितंबर तक कामकाज नहीं होगा। 28 सितंबर को सोमवार है, जबकि 30 सितंबर को बुधवार है। इसका मतलब है कि अगले हफ्ते सरकारी बैंकों और आरआरबी में सिर्फ तीन दिन ही सामान्य कामकाज होंगे।

बैंकों ने एंप्लॉयीज को भेजे नए मैसेजेज

पंजाब नेशनल बैंक (PNB), यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI), बैंक ऑफ इंडिया (BOI) और इंडियन बैंक ने अपने ग्राहकों को हड़ताल की वजह से होने वाली दिक्कतों से बचाने के लिए कदम उठाए हैं। इन बैंकों ने तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल से पहले अपने एंप्लॉयीज को नए मैसेज भेजे हैं। UBI ने अपने सभी एंप्लॉयीज को भेजे कम्युनिकेशंस में एंप्लॉयीज वेल्फेयर के लिए किए गए उपायों के बारे में बताया है।


एंप्लॉयीज को उनके फायदों से जुड़े कदमों के बारे में बताया

UBI ने एंप्लॉयीज को वेज सेटलमेंट के बाद पे और अलाउन्स में हुई वृद्धि, वेल्फेयर से जुड़े ज्यादा फायदे, रिक्रूटमेंट, रिटायरमेंट बाद के बेनेफिट्स और एचआर रिफॉर्म्स के बारे में बताया है। बैंक ने एंप्लॉयीज से हड़ताल में शामिल नहीं होने को कहा है। उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि बैंकिंग सेवाओं में किसी तरह की बाधा नहीं आए। दूसरे सरकारी बैंकों ने भी अगले हफ्ते की तीन दिन की हड़ताल से पहले अपने एंप्लॉयीज को मैसेजेज भेजे हैं। इनमें उन्हें बैंकिंग ऑपरेशंस और ग्राहक सेवाएं बनाए रखने को कहा गया है।

वित्त मंत्रालय ने भी बैंकों के एंप्लॉयीज से अपील की

वित्त मंत्रालय ने भी 21 सितंबर को सरकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के एंप्लॉयीज से प्रस्तावित हड़ताल में शामिल नहीं होने की अपील की है। मंत्रालय ने कहा है कि सरकार ने पहले ही परफॉर्मेंस लिंक्ड इनसेंटिव (PLI) को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। हफ्ते में पांच दिन कामकाज के मसले पर भी विचार चल रहा है।

हफ्ते में पांच दिन कामकाज की मांग सबसे ऊपर

बैंकों के एंप्लॉयीज की सबसे बड़ी मांग हफ्ते में पांच दिन के कामकाज की है। उनका कहना है कि उनकी इस मांग पर काफी समय बीत जाने के बाद भी फैसला नहीं हुआ है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) का कहना है कि मार्च 2024 में जिस वेज रिवीजन सेटलमेंट पर हस्ताक्षर हुआ था उसमें बैंकों में हफ्ते में पांच दिन कामकाज का प्रस्ताव भी शामिल था। लेकिन, इसे अब तक लागू नहीं किया गया।

यह भी पढ़ें: Sunday Bank Open: अगले संडे 27 सितंबर को खुले रहेंगे ये सारे बैंक, नेशनल से लेकर रीजनल के लिए RBI ने दिया ये अप्रूवल

22 सितंबर को दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत

22 सितंबर को UFBU से हुई बातचीत में इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (DFS) के प्रतिनिधियों ने यूनियन फोरम को कहा था कि पांच दिन कामकाज के हफ्ते पर विचार चल रहा है। उनका कहना था कि यूनियन फोरम को यह हड़ताल टाल देनी चाहिए। लेकिन, UFBU ने कहा कि वह हड़ताल वापस लेने के प्रस्ताव पर तभी विचार करेगी, जब इस मसले पर ठोस प्रगति होती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।