बीते 10 साल में बैंकों के 12 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा पैसे डूब गए हैं। दरअसल, बैंकों ने FY15 से FY24 के बीच 12.3 लाख करोड़ रुपये के लोन राइट-ऑफ किए हैं। इसमें से 53 फीसदी यानी करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये बीते पांच सालों में (FY20-FY24) सरकारी बैंकों ने राइट-ऑफ किए हैं। सरकार ने संसद में पूछे गए सवालों के जवाब में यह जानकारी दी है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि सरकारी बैंकों का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (एनपीए) 30 सितंबर, 2024 को 3,16,331 करोड़ रुपये था। प्राइवेट सेक्टर के बैंकों का एनपीए 1,34,339 करोड़ रुपये था।
