Airtel: भारती एयरटेल ने एयरटेल फाइनेंस के तहत एक नया फिक्स्ड डिपॉजिट मार्केटप्लेस शुरू किया है। इस प्लेटफॉर्म पर ग्राहक 9.1% तक की सालाना ब्याज वाली एफडी में निवेश कर सकते हैं। एयरटेल फाइनेंस ने इस प्लेटफॉर्म को एयरटेल थैंक्स ऐप पर बनाया है। यहां से ग्राहक केवल 1,000 रुपये की न्यूनतम निवेश में अपनी एफडी को बुक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें कोई नया बैंक खाता खोलने की जरूरत नहीं है। यह सुविधा फिलहाल एंड्रॉइड डिवाइस पर मिल रही है। जल्द ही iOS पर भी मिलेगी।
फिक्स्ड डिपॉजिट के लिए पार्टनरशिप
एयरटेल फाइनेंस ने इस सर्विस के लिए छोटे फाइनेंस बैंकों और गैर-बैंकिंग फाइनेंस कंपनियों (NBFCs) के साथ साझेदारी की है। इनमें उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, शिवालिक बैंक, सुर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक और श्रीराम फाइनेंस शामिल हैं। ग्राहक सात दिनों के बाद कभी भी अपने फिक्स्ड डिपॉजिट से पैसा निकाल सकते हैं।
कैसे खोलें फिक्स्ड डिपॉजिट:
ऐप डाउनलोड करें: सबसे पहले अपने एंड्रॉइड डिवाइस पर एयरटेल थैंक्स ऐप इंस्टॉल करें।
फिक्स्ड डिपॉजिट चुनें: ऐप में फिक्स्ड डिपॉजिट मार्केटप्लेस पर जाएं और सभी विकल्पों की तुलना करें, जहां आपको 9.1% तक की ब्याज दर मिल सकती है।
केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें: अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरें और केवाईसी (Know Your Customer) प्रक्रिया को पूरा करें, जो कि निवेश की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
निवेश करें: 1,000 रुपये या इससे अधिक के अमाउंट का चयन करें और मौजूदा बैंक खाते से पेमेंट करें। अब नए बैंक खाते की जरूरत नहीं होगी।
एफडी को मैनेज करें: एक बार फिक्स्ड डिपॉजिट सेट हो जाने पर, आप इसे ऐप के माध्यम से आसानी से मैनेज कर सकते हैं। एयरटेल फाइनेंस के इस कदम को ग्राहकों के लिए एक सरल और आसान फाइनेंस सर्विस के तौर पर देखा ज रहा है।