Bitcoin Outlook 2026: 150% उछलेगा बिटकॉइन, $2.25 लाख तक जाएगा भाव? जानिए क्यों बुलिश हैं एक्सपर्ट
Bitcoin Outlook 2026: 2026 में बिटकॉइन को लेकर एक्सपर्ट्स बुलिश हैं। उनका अनुमान है कि बिटकॉइन 150% तक उछलकर 2.25 लाख डॉलर के स्तर तक जा सकता है। हालांकि, कुछ जोखिम भी बने रहेंगे। जानिए डिटेल।
Standard Chartered के मुताबिक, 2026 में बिटकॉइन का टारगेट 1,50,000 डॉलर हो सकता है।
Bitcoin Outlook 2026: बिटकॉइन तेज उतार-चढ़ाव से भरे एक साल के बाद 2026 में फिर चर्चा में रहने वाला है। इंडस्ट्री एग्जीक्यूटिव्स और निवेशकों का मानना है कि बिटकॉइन नई ऊंचाइयों को छू सकता है, लेकिन वोलैटिलिटी भी बनी रहेगी। मैक्रो हालात, रेगुलेशन और निवेशकों के व्यवहार को लेकर अनिश्चितता अभी खत्म नहीं हुई है।
2026 के लिए अनुमान क्यों इतने अलग-अलग
CNBC की बिटकॉइन फोरकास्ट रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 के लिए कीमतों का दायरा काफी बड़ा है। कुछ एक्सपर्ट्स बिटकॉइन को करीब 17% यानी 75,000 डॉलर तक गिरता देख रहे हैं। वहीं, कुछ का मानना है कि बिटकॉइन में 150% तक तेजी आएगी। यह 2,25,000 डॉलर तक भी जा सकता है। यह फर्क इस बात को दिखाता है कि बाजार में भरोसे के साथ जोखिम भी बराबर मौजूद है।
बिटकॉइन में रिकॉर्ड हाई के बाद करेक्शन
CoinMetrics के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में बिटकॉइन 1,26,000 डॉलर से ऊपर के ऑल-टाइम हाई तक पहुंचा था। इसके बाद साल के अंत तक इसमें तेज गिरावट आई और कीमत करीब 80,000 डॉलर तक फिसल गई। फिलहाल बिटकॉइन अपने पीक से करीब 30 फीसदी नीचे ट्रेड कर रहा है। पिछले 6 महीने में भी यह 16.43% तक टूटा है।
2025 में तेजी के बाद बिकवाली क्यों आई
पिछले साल बिटकॉइन की रैली को अमेरिका में अनुकूल रेगुलेटरी माहौल रहे। खासकर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के शुरुआती महीने में। इस दौरान संस्थागत निवेशकों की बढ़ती हिस्सेदारी और बैंकों जैसी पारंपरिक वित्तीय कंपनियों की एंट्री से सपोर्ट मिला। इसी दौरान डिजिटल एसेट ट्रेजरी (DAT) कंपनियों का उभार भी देखने को मिला, जो बड़े पैमाने पर बिटकॉइन जमा करती हैं।
लेकिन साल के अंत में तस्वीर बदली। इक्विटी वैल्यूएशन ज्यादा महंगे लगने लगे, AI बूम के बबल बनने की आशंका बढ़ी और मैक्रो अनिश्चितता गहराई। कई क्रिप्टो निवेशकों की जबरन लिक्विडेशन ने गिरावट को और तेज कर दिया, जिससे 2026 की शुरुआत चुनौतीपूर्ण माहौल में हुई।
मैक्रो फैक्टर क्यों बढ़ा रहे हैं अनिश्चितता
Galaxy के रिसर्च हेड एलेक्स थॉर्न के मुताबिक, मौजूदा निवेश माहौल काफी जटिल है। इक्विटी वैल्यूएशन ऊपर की ओर खिंचा हुआ है। जियोपॉलिटिक्स अस्थिर है, AI पर होने वाले खर्च की टिकाऊपन पर सवाल हैं। साथ ही, मौद्रिक नीति भी बदलती नजर आ रही है। इसके अलावा अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन भी आगे निवेश धारणा को प्रभावित कर सकते हैं।
2026 में बिटकॉइन किस रेंज में रह सकता है
यूनिवर्सिटी ऑफ ससेक्स की प्रोफेसर कैरोल अलेक्जेंडर का मानना है कि 2026 में बिटकॉइन 75,000 से 1,50,000 डॉलर की हाई-वोलैटिलिटी रेंज में ट्रेड कर सकता है। उनका अनुमान है कि औसत तौर पर कीमतें 1,10,000 डॉलर के आसपास घूम सकती हैं। कैरोल के मुताबिक, बाजार अब रिटेल ट्रेडिंग से हटकर संस्थागत लिक्विडिटी की ओर बढ़ रहा है।
संस्थागत निवेश और रेगुलेशन की भूमिका
CoinShares के रिसर्च हेड जेम्स बटरफिल का कहना है कि 2026 में बिटकॉइन 1,20,000 से 1,70,000 डॉलर के बीच रह सकता है और साल के दूसरे हिस्से में कीमतों में बेहतर मूवमेंट दिख सकता है। निवेशक इस बात पर भी नजर रखे हुए हैं कि अमेरिकी फेड के चेयर के तौर पर जेरोम पॉवेल के बाद कौन आता है और क्या डिजिटल एसेट्स को लेकर क्लैरिटी एक्ट कानून बन पाता है। रेगुलेशन में साफ तस्वीर बिटकॉइन के लिए बड़ा पॉजिटिव ट्रिगर बन सकती है।
अब ETFs बन सकते हैं सबसे बड़ा सहारा
Standard Chartered के मुताबिक, 2026 में बिटकॉइन का टारगेट 1,50,000 डॉलर हो सकता है। बैंक का मानना है कि डिजिटल एसेट ट्रेजरी कंपनियों की खरीद अब सीमित हो सकती है, क्योंकि वैल्यूएशन आगे और खरीद को सपोर्ट नहीं करते। ऐसे में आगे की तेजी का सबसे बड़ा आधार बिटकॉइन ETFs हो सकते हैं।
बुलिश अनुमान अभी भी बरकरार
Maple Finance के CEO सिडनी पॉवेल को उम्मीद है कि 2026 में बिटकॉइन 1,75,000 डॉलर तक पहुंच सकता है। उनका मानना है कि ब्याज दरों में कटौती और संस्थागत अपनाने से बाजार को सपोर्ट मिलेगा। वहीं Bit Mining के चीफ इकोनॉमिस्ट यूवेई यांग ने 75,000 से 2,25,000 डॉलर की सबसे चौड़ी रेंज का अनुमान दिया है।
Nexo के मुताबिक, 2026 में बिटकॉइन 1,50,000 से 2,00,000 डॉलर के बीच रह सकता है। कंपनी का कहना है कि अब सप्लाई का दबाव कम हो रहा है और पूंजी का आधार पहले से ज्यादा मजबूत है। अगर फाइनेंशियल कंडीशंस अनुकूल रहीं, तो बिटकॉइन पुराने हाई को पार कर सकता है।
बिटकॉइन के लिए कैसा रहेगा 2026
कुल मिलाकर, 2026 में बिटकॉइन के लिए नई ऊंचाइयों की संभावना जरूर है, लेकिन रास्ता आसान नहीं होगा। वोलैटिलिटी ऊंची रह सकती है और कीमतों की दिशा रेगुलेशन, ETF इनफ्लो और ग्लोबल मैक्रो फैक्टर्स तय करेंगे। इसलिए निवेशकों के लिए यह साल मौके और जोखिम- दोनों लेकर आ सकता है।
Disclaimer:मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।