BSNL 5G and 4G Service Launch Date: बीएसएनएल (BSNL) के ग्राहक 4G और 5G सर्विस आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सरकार ने BSNL की 4G और 5G सर्विस लॉन्च करने की तारीख के बारे में बता दिया है। सरकारी टेलिकॉम कंपनी BSNL अगले साल मई तक एक लाख बेस स्टेशनों के जरिए देश में विकसित 4G तकनीक को लागू करने का काम पूरा कर लेगी। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि कंपनी इसके बाद जून 2025 तक 5G नेटवर्क पर चली जाएगी।
उन्होंने अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच में कहा कि भारत 4G में दुनिया के नक्शेकदम पर चला और 5G में दुनिया के साथ चल रहा है। साथ ही 6G तकनीक में दुनिया का नेतृत्व करेगा। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस बात को लेकर बिल्कुल स्पष्ट हैं कि सरकारी कंपनी किसी और के उपकरण का इस्तेमाल नहीं करेगी। सिंधिया ने कहा कि अब हमारे पास एक प्रमुख और एक रेडियो एक्सेस नेटवर्क है, जो पूरी तरह से काम कर रहा है। हमारे पास अगले साल अप्रैल-मई तक एक लाख साइट की योजना है। हमने कल तक 38,300 साइट शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि हम अपना खुद का 4G नेटवर्क शुरू करने जा रहे हैं, जो जून 2025 तक 5G पर चला जाएगा। हम ऐसा करने वाले दुनिया के छठे देश होंगे।
बीएसएनएल सरकारी कंपनी सी-डॉट और घरेलू आईटी कंपनी TCS के गठजोड़ से विकसित 4G तकनीक का उपयोग कर रही है। सिंधिया ने कहा कि भारत ने 22 महीनों में 4.5 लाख टावरों की स्थापना के साथ दुनिया में सबसे तेज 4G से 5G तकनीक को लागू किया और देश की 80 प्रतिशत आबादी के लिए ये सर्विस उपलब्ध है। बीएसएनएल 5G सेवाओं की शुरुआत के लिए, मौजूदा साइट्स को थोड़ा बदला जाएगा और उनका सॉफ्टवेयर अपग्रेड किया जाएगा।
साल 2025 तक इतने ग्राहक जोड़ने का टारगेट
बीएसएनएल का लक्ष्य है कि साल 2025 के अंत तक उसके पास 25% ग्राहक हों। बीएसएनएल ने 6 अगस्त को घोषणा की थी कि वह 4G और 5G पर काम करने वाले 'ओवर-द-एयर' (OTA) और यूनिवर्सल सिम (USIM) प्लेटफॉर्म पेश करेगी। इससे ग्राहक अपना मोबाइल नंबर चुनने के साथ-साथ ज्योगरफिकल रेस्ट्रिक्शन के बिना सिम बदल सकेंगे। बीएसएनएल, भारत सरकार के स्वामित्व वाली पब्लिक सेक्टर कंपनी है।