Amazon 2000 Rupees Notes: अगर आप ई-कॉमर्स कंपनी एमेजॉन (Amazon) पर ऑनलाइन शॉपिंग कर रहे हैं और कैश ऑन डिलीवरी पर 2000 रुपये के नोट देने की तैयारी में हैं तो सावधान हो जाइये। कंपनी ने 2000 रुपये के नोट लेने पर नए नियम लागू किए हैं। कंपनी ई-कॉमर्स कंपनी ने कहा है कि 19 सितंबर से कैश ऑन डिलीवरी (Cash on Delivery-COD) पेमेंट और कैशलोड के लिए 2,000 के नोट नकद के रूप में स्वीकार करना बंद कर देंगे। एमेजॉन मौजूदा समय में 2000 रुपये के नोट स्वीकार कर रहा है।
हालांकि कंपनी ने आगे कहा कि अगर प्रोडक्ट थर्ड पार्टी की ओर से कूरिय पार्टनर के जरिए किया गया है। तब ऐसी स्थिति में डिलीवरी करने पर 2000 रुपये के नोट स्वीकार किए जाएंगे।
RBI ने 2000 रुपये के नोट बंद करने का किया था ऐलान
दरअसल, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने कुछ महीने पहले सबसे बड़े नोट यानी 2,000 रुपये के नोट के सर्कुलेशन को वापस लेने का फैसला किया था। लोगों से सितंबर के अंत तक उन्हें बैंकों में जमा करने या बदलने के लिए कहा गया था। यानी तय तारीख से पहले पैसे जमा नहीं करने पर उसकी कीमत खत्म हो सकती है। RBI ने 2,000 के नोटों को बैंक में डिपॉजिट या एक्सचेंज करवाने के लिए 30 सितंबर तक का समय दिया है। फिलहाल नोटों को बदलने और जमा करवाने की प्रक्रिया जारी है। जिन लोगों के पास भी 2000 के नोट हैं। उन्होंने नोटों को बदलाने के लिए बैंकों के चक्कर काटने शुरू कर दिए हैं।
सरकार ने संसद में दी थी यह जानकारी
RBI ने कहा था कि चलन में मौजूद 2000 रुपये के नोटों में से 50 फीसदी नोट वापसी की घोषणा के 20 दिनों के भीतर बैंकों में वापस आ गए थे। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने 25 जुलाई को राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा था कि रिजर्व बैंक द्वारा 19 मई को इन्हें वापस लेने की घोषणा के बाद 30 जून तक भारतीय बैंकों को 2.72 लाख करोड़ वैल्यू के 2,000 बैंक नोट आए हैं। RBI के मुताबिक, चलन में मौजूद 2,000 रुपये के 76 फीसदी नोटों को या तो बैंकों में जमा कर दिया गया है या बदल दिया गया है।