LPG News: मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस ने ऐसे लोगों को एलपीजी सिलिंडर हासिल करने या इसे रिफिल करने से रोक दिया है जिनके पास पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) का कनेक्शन है। मिनिस्ट्री ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है, जब पश्चिमी एशिया में चल रही लड़ाई के चलते सप्लाई से जुड़ी दिक्कतें शुरू हुई हैं। ईरान की अमेरिका-इजरायल के साथ लड़ाई ने दुनिया भर में कोहराम मचा दिया है और उथल-पुथल मची हुई है। ऐसे समय में जिन परिवारों के पास पहले से ही पीएनजी की सुविधा है, वहां सब्सिडी वाले एलपीजी का गलत इस्तेमाल न हो और डिस्ट्रीब्यूशन को बेहतर करने के लिए शनिवार को एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर में बदलाव किया गया है।
क्या है नए सप्लाई ऑर्डर में?
नए सप्लाई ऑर्डर के तहत सरकार ने तेल कंपनियों को ऐसे लोगों को नए एलपीजी कनेक्शन जारी करने या रिफिल करने पर रोक लगा दी है जिनके पास से ही पीएनजी नेटवर्क का एक्सेस है। सिर्फ यही नहीं, पीएनजी कनेक्शन वाले एलपीजी कनेक्शन भी नहीं जारी रख सकेंगे यानी कि बदलाव के तहत जिन घरों में पहले से पीएनजी और एलपीजी दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें अपना मौजूदा एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा।
भारत के झंडे वाले एलपीजी वाले दो जहाज हॉर्मुज जलडमरूमध्य से सफलतापूर्वक गुजर चुके हैं और लगभग 92,700 टन एलपीजी लेकर भारत की तरफ बढ़ रहे हैं। मिनिस्ट्री ऑफ पोर्ट्स, शिपिंग एंड वाटरवेज में स्पेशल सेक्रेटरी राजेश कुमार सिन्हा का कहना है कि होर्मेज स्ट्रेट के पश्चिम फारस की खाड़ी में अभी भारतीय झंडा तिरंगा लगे 24 जहाज खड़े हैं जिसमें से एलपीजी लेकर शिवालिक और नंदा देवी जहाज सुरक्षित रूप से इस रास्ते को पार कर चुके हैं और जल्द ही भारतीय बंदरगाहों पर पहुंचने की उम्मीद है। इनके 16 मार्च और 17 मार्च को मूंदड़ा और कांडला पोर्ट पर पहुंचने की उम्मीद है।