थोक महंगाई दर अप्रैल में बढ़ी है। मार्च के 14.55% के मुकाबले अप्रैल में यह बढ़कर 15.08% पर पहुंच गई है। वाणिज्य मंत्रालय ने 17 मई को थोक महंगाई दर के आंकड़े जारी किए हैं। थोक महंगाई दर अनुमान से ज्यादा रही है। CNBC-TV18 के पोल में इसके 14.72 फीसदी पर ही रहने का अनुमान किया गया था।
एक साल पहले थोक महंगाई दर 10.74% थी। इस साल अप्रैल में थोक महंगाई दर 15.08% रही। इस हिसाब से देखें तो थोक महंगाई दर पिछले 13 महीनों से लगातार डबल डिजिट में है। मार्च के मुकाबले देखें तो अप्रैल में खाने-पीने की चीजों के दाम 8.71% से बढ़कर 8.88% पर पहुंच गई है।
जबकि ईंधन और बिजली की थोक महंगाई दर मार्च के 34.52 फीसदी से बढ़कर 38.66 फीसदी पर आ गई है। महीने दर महीने आधार पर अप्रैल में WPI कोर महंगाई 10.9 फीसदी से बढ़कर 11 फीसदी पर आ गई है। वहीं प्राइमरी आर्टिकल्स की थोक महंगाई दर मार्च के 15.54 फीसदी से घटकर 15.45 फीसदी पर आ गई है।
अप्रैल महीने में बनी बनाई वस्तुओं (मैन्युफैक्चरर्ड प्रोडक्ट्स) की थोक महंगाई दर मार्च के 10.71 फीसदी से बढ़कर 10.85 फीसदी पर आ गई है। हालांकि आलू की थोक महंगाई दर में गिरावट आई है। महीने दर महीने आधआर पर आलू की थोक महंगाई दर मार्च के 24.62 फीसदी से घटकर 19.84 फीसदी पर रही है।
अप्रैल में प्याज की कीमतें बढ़ी हैं। प्याज की कीमतों की ग्रोथ मार्च के -9.33 फीसदी से बढ़कर -4.02 फीसदी रही। जबकि अंडे, मास और मछली की महंगाई दर 9.42 फीसदी से घटकर 4.50 फीसदी पर आ गई है।
महीने दर महीने आधार पर अप्रैल महीने में सब्जियों की थोक महंगाई दर में बढ़ोतरी देखने को मिली है। और यह मार्च के 19.88 फीसदी से बढ़कर 23.24 फीसदी पर आ गया है।
अप्रैल महीने में ऑल कमोडिटी इंडेक्स में महीने दर महीने आधार पर 2.08 फीसदी की, प्राइमरी आर्टिकल इंडेक्स में 2.70 फीसदी की, फ्यूल एंड पावर इंडेक्स में 2.79 फीसदी की, मैन्यूफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स इंडेक्स में 1.69 फीसदी और फूड इंडेक्स में 3.35 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है।