भारत में बैंकों का जोर फिलहाल कंज्यूमर की सेफ्टी पर है। जैसे-जैसे साइबर फ्रॉड के मामले बढ़ रहे हैं, इसे लेकर बैंक काफी गंभीर हो गए हैं और इंटरनेट बैंकिंग के लिए सेफ्टी फीचर्स लॉन्च कर रहे हैं। फर्जीवाड़ा करने वाले लोग यूजर्स के खाते तक अपनी पहुंच बना लेते हैं जिससे यूजर्स को भारी आर्थिक झटका लग सकता है। ताजा कड़ी में इसे लेकर गवर्नमेंट सेक्टर के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने मंगलवार को इंटरनेट बैंकिंग सिस्टम और मोबाइल बैंकिंग सिस्टम के लिए नया सिक्योरिटी फीचर सेफ्टी रिंग (Safety Ring) पेश किया। इसी प्रकार प्राइवेट सेक्टर के ICICI Bank ने भी हाल ही में स्मार्ट लॉक (Smart Lock) पेश किया।
क्या है PNB का Safety Ring?
पीएनबी के मुताबिक सेफ्टी रिंग एक अतिरिक्त सेफ्टी लेयर है। यह वैकल्पिक है। इसके जरिए ग्राहक टर्म डिपॉजिट के लिए दैनिक लिमिट सेट कर सकते हैं। इससे टर्म डिपॉजिट पर अधिकतम लिमिट तक ही ओवरड्रॉफ्ट फैसिलिटी का फायदा लिया जा सकेगा। एक बार लिमिट सेट होने के बाद सेफ्टी रिंग यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी डिजिटल चैनल के जरिए टर्म डिपॉजिट न तो बंद हो सके और न ही लिमिट से अधि ओवरड्राफ्ट के लिए इस्तेमाल हो सके।
ICICI Bank का Smart Lock क्या है?
आईसीआईसीआई बैंक ने हाल ही में 'स्मार्टलॉक' लॉन्च किया। इसके जरिए बैंक के ग्राहक बिना कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव से मदद मांगे सिर्फ फोन या ई-मेल के जरिए कई बैंकिंग सेवाओं को तुरंत लॉक/अनलॉक कर सकते हैं। iMobile Pay पर उपलब्ध इस फीचर के जरिए सिर्फ एक बटन क्लिक करके इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई और क्रेडिट-डेबिट कार्ड को लॉक-अनलॉक कर सकते हैं। इससे अपने खाते की सुरक्षा अपने ही हाथ में हो गई। स्मार्टलॉक के जरिए आईमोबाइल पे को भी लॉक-अनलॉक कर सकते हैं।