Car Driving Tips: देश के सभी राज्यों के साथ ही उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मानसून पहुंच गया है। लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में कुछ लोग बारिश के मौसम कार चलाना ज्यादा पसंद करते हैं। वहीं कुछ लोग मॉनसून के समय पहाड़ी राज्यों में सफर के लिए निकल पड़ते हैं। ऐसे में बीच रास्ते में कही बारिश होने लगे तो आपकी कार फंस सकती है। इस मौसम में वाहन चलाना भी आसान नहीं होता है। गाड़ी चलाने में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इस मौसम में विजबिलिटी भी कम हो जाती है।
बारिश के मौसम सड़कों पर फिसलन बढ़ जाती है। ऐसे में दुर्घटना का भी खतरा बना रहता है। इस समस्या से बचने के लिए आज हम आपको कुछ टिप्स बता रहें हैं। जिससे बारिश के मौसम में आप आसानी से कार चला सकते हैं।
बारिश के दौरान कार की खिड़कियां बंद ही रहती हैं। जिससे कार की विंडस्क्रीन धुंधली हो जाती है। सामने का दृश्य ठीक से दिखाई नहीं देता है। इस समस्या से बचने के लिए डिफॉगर और AC का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके साथ ही वाइपर को भी चालू रखना चाहिए। कार की विंडस्क्रीन को अंदर से नहीं पोंछना चाहिए। अगर खिड़की के शीशे पर कोहरा होता है, तो बस खिड़की को नीचे रोल करें और उसे साफ कर लें।
कार की लाइट्स भी मौके पर काफी काम आती हैं। अगर आपकी गाड़ी में डेटाइम रनिंग लाइट (DRL) है, तो बारिश के दौरान उसका इस्तेमाल करें। जिससे अन्य लोगों को आपकी गाड़ी दूर से ही दिखाई देगी। रात के समय हाईबीम का प्रयोग न करें।
बारिश के मौसम में सुरक्षित रहने का सबसे बेहतर तरीका है कि हमेशा अपनी ही लेन में कार को चलाएं। ऐसा कई बार होता है कि सामने से आना वाला नहीं दिखाई देता है। ऐसे में अचानक से कोई भी हादसा हो सकता है। लिहाजा कोशिश करें कि अपनी ही लेन में कार चलाएं।
कहीं जल्दी पहुंचने के लिए गाड़ी को कभी भी तेज गति से न चलाएं। बारिश के मौसम में सड़क गीली होने की कारण अचानक ब्रेक दबाने पर गाड़ी के तेजी से फिसलने का खतरा बना रहता है। इसलिए हमेशा औसत स्पीड पर ही गाड़ी चलाना बेहतर है।
किसी पानी भरे अनजान रास्ते से यात्रा करने से परहेज करें। इसकी वजह ये है कि इस स्थिति में पानी की गहराई का अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल होता है। इन रास्तों में आपकी गाड़ी बंद होकर खराब भी हो सकती है। ऐसे में किसी अन्य रास्ते का विकल्प चुनना बेहतर होगा।