चेन्नई की इस कंपनी ने कर दिया कमाल, कर्मचारियों को बांटी 28 कारें और 29 बाइक

Team Detailing Solutions: चेन्नई की टीम डिटेलिंग सॉल्यूशंस कंपनी ने अपने कर्मचारियों के ऊपर उपहारों की बौछार कर दी है। कंपनी ने कर्मचारियों के प्रदर्शन को देखते हुए हुंडई, टाटा, मारुति सुजुकी और मर्सिडीज बेंज जैसी कई गाड़ियां बतौर गिफ्ट दिया है। इसके साथ ही कुछ कर्मचारियों को बाइक दी गई है। कंपनी में मौजूदा समय में 180 कर्मचारी हैं

अपडेटेड Oct 13, 2024 पर 10:55 AM
Team Detailing Solutions: कंपनी इसके पहले भी अपने कर्मचारियों को कार गिफ्ट कर चुकी है।

चेन्नई की स्ट्रक्चरल स्टील डिजाइन और डिटेलिंग कंपनी टीम डिटेलिंग सॉल्यूशंस ने अपने कर्मचारियों को मालामाल कर दिया है। कंपनी ने अपने कर्मचारियों पर उपहारों की बौछार की है। कंपनी ने कड़ी मेहनत करने वाले कर्मचारियों को कार और बाइक बतौर गिफ्ट किया है। कुल 28 कारें और 29 बाइक कर्मचारियों के बीच बांटी गई हैं। कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि ये उपहार कर्मचारियों की प्रोडक्टिविटी बढ़ाने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के मकसद से दिया गया है। कंपनी ने कर्मचारियों की कड़ी मेहनत को देखते हुए हुंडई, टाटा, मारुती, सुजुकी और मर्सिडीज बेंज जैसी गाड़ियां कर्मचारियों को दी गई हैं।

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीधर कन्नन ने कहा कि हम अपनी कंपनी की सफलता में कर्मचारियों के प्रयासों के लिए इनाम देना चाहते थे। कर्मचारी कंपनी की सफलता में अहम योगदान दे रहे हैं। हम मानते हैं कि हमारे कर्मचारी हमारे सबसे बड़े संसाधन हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी ने कर्मचारियों के योगदान को उनके वर्षों के प्रदर्शन और सेवा के आधार पर मापा है।

साल 2022 में कंपनी ने दी थीं कारें


कन्नन ने कहा कि हमारे कर्मचारियों ने प्रतिबद्धता और समर्पण से शानदार प्रदर्शन किया है। हम उनकी उपलब्धियों को पहचान देने में गर्व महसूस कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए कन्नन ने कहा कि कंपनी में करीब 180 कर्मचारी हैं। ये सभी साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। सभी कामकाज में कुशल हैं। उन्होंने कहा कि हम उन उम्मीदवारों का चयन करते हैं जो अत्यधिक प्रेरित होते हैं और उनके लिए कार या बाइक खरीदना एक सपने जैसा होता है। हम कर्मचारियों को बाइक उपहार में देते रहे हैं। साल 2022 में हमने अपने दो वरिष्ठ सहयोगियों को कार उपहार में दी थी। हमने आज 28 कारें उपहार में दी हैं। उनमें से कुछ मारुति सुजुकी, हुंडई, मर्सिडीज बेंज भी शामिल हैं।

कर्मचारियों को शादी करने पर मिलते हैं 1 लाख रुपये

कन्नन ने आगे बताया कि हम कार बाइक देते समय उसकी कीमत तय करते हैं। अगर किसी कर्मचारी को वाहन पसंद नहीं है तो पैसे ले सकते हैं। इसके बाद जो भी दूसरा वाहन खरीदेंगे, उसमें लगने वाले अतिरिक्त पैसे कर्मचारी को देना होता है। वहीं कंपनी कर्मचारियों को शादी करने पर आर्थिक मदद मुहैया कराती है। अभी तक कंपनी कर्मचारियों को 50,000 रुपये मुहैया कराती थी। अब इस राशि को बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है।

गुरुग्राम में लग्जरी अपार्टमेंट की कीमत ₹75 करोड़! सोशल मीडिया यूजर्स बोले- इससे सस्ता तो विदेश में पड़ेगा घर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।