CNG Price Hike: फिर बढ़ गए CNG के दाम, जानिए दिल्ली-NCR समेत आपके शहर में कितने रुपये की हुई बढ़ोतरी

CNG Price Hike: आज यानी 17 मई से CNG की दरें 1 रुपया बढ़ा दी गई हैं। दिल्ली में प्रति किलोग्राम CNG की कीमत 80.09 रुपये होगी। जबकि नोएडा-गाजियाबाद में प्रति किलोग्राम CNG की कीमत 88.70 रुपये होगी। 2 दिनों में कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई को CNG की कीमतें 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाई गई थीं

अपडेटेड May 17, 2026 पर 10:23 AM
Story continues below Advertisement
CNG Price Hike: आज से CNG की दरें 1 रुपये बढ़ा दी गई हैं

CNG Price Hike: महंगाई से परेशान आम जनता को एक और झटका लगा है। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। रविवार (17 मई) को कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई। यह एक हफ्ते के अंदर ईंधन की कीमतों में दूसरी बढ़ोतरी है। इस बढ़ोतरी के बाद अब राजधानी दिल्ली में CNG की कीमत 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम होगी। जबकि नोएडा और गाज़ियाबाद के ग्राहकों को 88.70 रुपये प्रति किलोग्राम चुकाने होंगे।

2 दिनों में CNG की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई को CNG की कीमतें 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाई गई थीं। ऐसे में 48 घंटों के भीतर CNG की कीमतों में कुल 3 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हो गई है। हालांकि, आम जनता की रसोई तक पाइप से मुहैया कराई जाने वाली प्राकृतिक गैस यानी PNG और घरेलू खाना पकाने वाले LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में अभी कोई बदलाव नहीं हुआ है।

दो दिन पहले शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। यह पिछले चार वर्षों में पेट्रोल-डीजल के दाम में पहली वृद्धि है। कच्चे तेल की बढ़ती वैश्विक कीमतों के कारण तेल कंपनियों का घाटा बढ़ने के बीच यह वृद्धि की गई है। इसके साथ ही, दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में सीएनजी की कीमतों में दो रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई। उद्योग जगत से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल अब 87.67 रुपये के मुकाबले 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है।


दरें राज्यों में वैट के अंतर के कारण अलग-अलग होती हैं। हालांकि, घरों में खाना पकाने के लिए पाइप से मुहैया कराई जाने वाली प्राकृतिक गैस (PNG) और घरेलू खाना पकाने वाली गैस LPG दोनों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका-इजरायल हमले के बाद और तेहरान की जवाबी कार्रवाई के बाद से 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। इस युद्ध से होर्मुज जलडमरूमध्य बारिध हो गया जिससे दुनिया के तेल एवं गैस का पांचवां हिस्सा गुजरता है।

ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब मई 2022 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं। कीमतें अप्रैल 2022 से स्थिर थीं। हालांकि मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पेट्रोल और डीजल दोनों में दो रुपये प्रति लीटर की एकमुश्त कटौती की गई थी। आखिरी बार दरों में बढ़ोतरी अप्रैल 2022 में हुई थी।

मुंबई में पेट्रोल अब 106.68 रुपये प्रति लीटर और डीजल 93.14 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर है। जबकि चेन्नई में पेट्रोल 103.67 रुपये और डीजल 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

पीएम मोदी की लोगों से अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सप्ताह ईंधन बचत, घर से काम करने और यात्रा कम करने की अपील की थी क्योंकि ऊर्जा की ऊंची कीमतें भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव डाल रही हैं। लगातार तीसरे वर्ष चालू खाते के घाटे को बढ़ाने का खतरा उत्पन्न कर रही हैं।

कुछ राज्य सरकारों ने पहले ही विभागों के कर्मचारियों को यात्रा सीमित करने, ऑनलाइन बैठकों से बचने और कम कर्मचारियों के साथ कार्यालय चलाने के निर्देश दिए हैं। विश्लेषकों ने कहा कि ईंधन कीमतों में वृद्धि और बचत उपायों के संयुक्त प्रभाव से मांग वृद्धि पर असर पड़ सकता है।

निजी ईंधन खुदरा कंपनियों ने पहले ही कीमतें बढ़ा दी थीं। नायरा एनर्जी ने मार्च में पेट्रोल पांच रुपये और डीजल तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाया था। जबकि शेल ने 1 अप्रैल से पेट्रोल 7.41 रुपये और डीजल 25 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया था। बेंगलुरु में शेल पेट्रोल 119.85 रुपये प्रति लीटर और डीजल 123.52 रुपये प्रति लीटर पर बेचता है।

ये भी पढ़ें- IMD Heavy Rain Alert: इन राज्यों में 19 मई तक होगी मूसलाधार बारिश! यूपी, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में हीटवेव का अलर्ट

घरेलू रसोई गैस एलपीजी की कीमतें मार्च में 60 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाई गई थीं। लेकिन वे अब भी वास्तविक लागत से काफी कम हैं। तेल कंपनियों को 14.2 किलोग्राम के एक एलपीजी सिलेंडर पर 674 रुपये का नुकसान हो रहा है। उद्योग सूत्रों ने बताया कि यह बढ़ोतरी संतुलित है। यह तेल कंपनियों पर मुनाफा दबाव आंशिक रूप से कम करने के लिए पर्याप्त लेकिन बड़े महंगाई के झटके से बचाने के लिए सीमित है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।