Get App

Diwali Bonus: दिवाली से पहले योगी सरकार का बड़ा तोहफा, यूपी के 14.82 लाख सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बोनस

Diwali Bonus: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार (14 अक्टूबर) को दीपावली के अवसर पर राज्य सरकार के कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा के प्रति राज्य सरकार की सराहना का प्रतीक है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Oct 14, 2025 पर 2:55 PM
Diwali Bonus: दिवाली से पहले योगी सरकार का बड़ा तोहफा, यूपी के 14.82 लाख सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बोनस
Diwali Bonus: कर्मचारियों को 30 दिनों के वेतन के आधार पर ₹6,908 तक का बोनस मिलेगा

UP Diwali Bonus: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार 14 लाख से अधिक राज्य के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली बोनस देगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार (14 अक्टूबर) को दीपावली के अवसर पर राज्य सरकार के कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा के प्रति राज्य सरकार की सराहना का प्रतीक है। बोनस की अधिकतम रकम 7,000 रुपये तक है।

सीएम ने कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट देते हुए कहा कि प्रदेश की प्रगति में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार हर स्तर पर उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। दिवाली से पहले बुधवार से शुक्रवार तक सभी सरकारी कर्मचारियों के अकाउंट में बोनस की रकम पहुंच जाएगी।

एक बयान के अनुसार, सीएम योगी के निर्देश पर वित्त विभाग की तरफ से जारी आदेश के अनुसार, राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए बोनस की मंजूरी दी गई है। यह बोनस मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा 7,000 रूपये के आधार पर 30 दिनों की उपलब्धियों का आकलन करते हुए दिया जाएगा। इससे प्रत्येक पात्र कर्मचारी को 6,908 रूपये का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली से पहले यह आर्थिक लाभ कर्मचारियों के परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा तथा शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। इस निर्णय से राज्य सरकार के लगभग 14 लाख 82 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे। राज्य सरकार पर कुल भार लगभग 1,022 करोड़ रूपये आएगा। पे मैट्रिक्स लेवल-8 तक के कर्मचारियों को 30 दिनों के वेतन के आधार पर ₹6,908 तक का बोनस मिलेगा।

UP CMO के आधिकारिक X अकाउंट से एक पोस्ट में लिखा, " यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन पर्व पर राज्य कर्मचारियों को बड़ा उपहार देते हुए वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस देने की घोषणा की है। इस निर्णय से यूपी सरकार के लगभग 14.82 लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे, जिसपर कुल भार लगभग ₹1,022 करोड़ आएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र कर्मचारियों को बोनस का भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि सभी परिवार इस पर्व को उल्लासपूर्वक मना सकें।"

इसमें आगे कहा गया है, "मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश की प्रगति में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार हर स्तर पर उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। दीपावली के पहले यह आर्थिक लाभ राज्य कर्मचारियों के परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा तथा शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। समस्त राज्य कर्मचारियों को बधाई एवं दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें