Gold Price : नहीं चला सोने-चांदी का 'ट्रंप कार्ड', एक दिन में 2000 रुपए से ज्यादा गिरा गोल्ड का दाम, चांदी का भी उड़ा रंग

Commodity market : 23 अक्टूबर को सोने के दाम रिकॉर्ड 78,919 रुपए तक पहुंचे थे। रिकॉर्ड हाई से सोने के दाम 2500 रुपए से ज्यादा टूटे हैं। COMEX पर भी सोने के दाम लगातार दूसरे दिन गिरे हैं। अमेरिका में ट्रंप की विक्ट्री के बाद सोने-चांदी का रंग उड़ गया है

अपडेटेड Nov 07, 2024 पर 1:59 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि डॉलर इंडेक्स और बॉन्ड यील्ड में मजबूती से सोने-चांदी पर दबाव बना है। डॉलर इंडेक्स 4 महीनों की ऊंचाई पर पहुंच गया है

अमेरिका में ट्रंप की विक्ट्री के बाद सोने-चांदी का रंग उड़ गया है। सोने का दाम एक दिन में 2000 रुपए से ज्यादा गिरा है। MCX पर सोने के भाव 76500 के नीचे आ गए हैं। कल एमसीएक्स पर सोने का दिसंबर वायदा 78,593 रुपए तक पहुंच गया था। 23 अक्टूबर को इसके दाम रिकॉर्ड 78,919 रुपए तक पहुंचे थे। रिकॉर्ड हाई से सोने के दाम 2500 रुपए से ज्यादा टूटे हैं। COMEX पर भी सोने के दाम लगातार दूसरे दिन गिरे हैं। US में कल सोने का भाव करीब 100 डॉलर टूटा था। 30 अक्टूबर को सोने ने 2802 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड हाई बनाया था। अब तक रिकॉर्ड हाई से इसके दाम करीब 150 डॉलर टूटे हैं।

चांदी का उड़ा रंग?

चांदी का भी रंग उड़ गया है। चांदी के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई से करीब 10000 रुपए तक गिर गए हैं। MCX पर चांदी 90500 रुपए के नीचे फिसल गई है। कल भी इसकी कीमतों में करीब 4 फीसदी की गिरावट आई थी। 23 अक्टूबर को इसके दाम रिकॉर्ड 100,081 रूपए तक पहुंच गए थे। COMEX पर भी लगातार दूसरे हफ्ते गिरावट जारी रही। इंटरनेशनल मार्केट में कल चांदी के दाम 31 डॉलर के भी नीचे फिसल गए।


ट्रंप की वापसी से चीन प्लस वन थीम को मिलेगा बढ़ावा, FMCG का रिस्क-रिवॉर्ड बेहतर नहीं -मिहिर वोरा

सोने-चांदी में गिरावट के कारण

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि डॉलर इंडेक्स और बॉन्ड यील्ड में मजबूती से सोने-चांदी पर दबाव बना है। डॉलर इंडेक्स 4 महीनों की ऊंचाई पर पहुंच गया है। डॉनल्ड ट्रंप की जीत से डॉलर इंडेक्स और बॉन्ड यील्ड में तेजी आई है। अब बाजार की नजर अमेरिकी फेड की बैठक पर है। बाजार में 97 फीसदी लोगों को दरें 0.25 फीसदी घटने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि सोने और चांदी की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव कई कारकों से प्रभावित होते हैं। इनमें सोने की ग्लोबल डिमांड, देशों के बीच मुद्रा मूल्यों में उतार-चढ़ाव, मौजूदा ब्याज दरें और सोने के ट्रेड पर लागू सरकारी नियम जैसे कारक शामिल हैं। इसके अलावा ग्लोबल इवेंट जैसे ग्लोबल इकोनॉमी  की स्थिति और अन्य मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती भी भारतीय बाजार में सोने की कीमतों को प्रभावित करती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।