148 वस्तुओं पर टैक्स ढांचे में बड़े बदलाव हो सकते हैं। जीएसटी ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (GoM) ने दरों में सुधार की अपनी रिपोर्ट में 148 वस्तुओं पर टैक्स रेट्स में बड़े बदलावों की सिफारिश की है। इसमें सबसे अहम बदलाव टेक्सटाइल सेक्टर में हो सकता है। ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स ने जो सिफारिशें की हैं, उससे रेवेन्यू में बढ़ोतरी होगी और इसे जीएसटी काउंसिल की बैठक में 21 दिसंबर को चर्चा के लिए रखा जा सकता है। मनीकंट्रोल को यह जानकारी तीन सूत्रों ने दी। एक सूत्र के मुताबिक कपड़े, साइकिल और एक्सरसाइज किताबें जैसी उन चीजों पर टैक्स रेट कम करने की सिफारिश की गई है जिन्हें आम लोग इस्तेमाल करते हैं। वहीं लग्जरी सामानों पर टैक्स रेट बढ़ाकर 28 फीसदी करने का प्रस्ताव है।
