Onion Price: प्याज की बढ़ती कीमतों पर ऐसे लगेगा ब्रेक, आज से दिल्ली में 25 रुपये किलो प्याज बेचेगी सरकार

Onion Price: देश भर में टमाटर के दामों के बढ़ोतरी के बाद अब प्याज के दामों में भी तेजी देखने को मिल सकती है। ऐसे में केंद्र सरकार ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। केंद्र सरकार ने आज से दिल्ली में सब्सिडी पर 25 रुपये किलो प्याज बेचना शुरू कर दिया है। इसके लिए 10 मोबाइल वैन और ओएनडीसी प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं

अपडेटेड Aug 21, 2023 पर 3:53 PM
Story continues below Advertisement
Onion Price: सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए प्याज का 'बफर स्टॉक' का तीन लाख टन का लक्ष्य रखा था, जिसे अब दो लाख टन और बढ़ा दिया गया है।

Onion Price: प्याज की कीमतों पर लगाम कसने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार ने आज (21 अगस्त 2023) से दिल्ली में 25 रुपये प्रति किलो के भाव प्याज की बिक्री करने का फैसला किया है। इसके लिए सरकार ने 10 मोबाइल वैन और ओएनडीसी प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं। बता दें कि एक दिन पहले ही सरकार ने प्‍याज की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने के लिए इस पर 40 फीसदी निर्यात शुल्क (export duty) लगा दिया था। सरकार के इस कदम से प्याज के निर्यात में कमी आएगी।

यह निर्यात शुल्क 31 दिसंबर 2023 तक लागू रहेगा। ताकि इससे जुड़े व्‍यापारी प्‍याज को विदेशों की जगह भारत में बेचने पर अपनी प्राथमिकता दें। सरकार का मकसद है कि त्योहारी सीजन के पहले ही कीमतों को कम करना है।

जानिए देश में कितना है प्याज का बफर स्टॉक


मौजूदा समय में सरकार के पास प्याज का बफर स्टॉक 3 लाख मीट्रिक टन (LMT) है। केंद्र सरकार ने फैसला किया है कि इसे बढ़ाकर 5 LMT किया जाएगा। सरकार ने कहा है कि आने वाले दिनों में अन्य एजेंसियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को शामिल कर प्याज की रिटेल बिक्री को बढ़ावा दिया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF) पहले से ही केंद्र सरकार की ओर से रियायती दर पर टमाटर बेच रहा है। अब उसे 'बफर स्टॉक' से प्याज की रिटेल बिक्री का काम सौंपा गया है। NCCF राष्ट्रीय राजधानी में नेहरू प्लेस और ओखला में स्थित अपनी दो रिटेल दुकानों के जरिए भी प्याज की बिक्री करेगा।

नहीं बिकेगा सनी देओल का बंगला, बैंक ऑफ बड़ौदा अब नहीं लगाएगा बोली

दरअसल, आठ दिन पहले ही उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने बाजार में सीधे हस्तक्षेप करने और सरकार के बफर स्टॉक से प्याज जारी करने का फैसला किया था। इस साल टमाटर की कीमत इतनी ज्‍यादा बढ़ गई, जो पहले कभी नहीं देखी गई थी। यही वजह है कि सरकार इससे सबक लेते हुए एहतियाती कदम उठा रही है। ताकि बाजार में प्‍याज की कीमतें 200 रुपये के स्तर को ना छू सकें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।