टमाटर (Tomato Price Rise) की आसमान छूती कीमतों के बीच अब प्याज (Onion Price Hike) पर भी महंगाई का रंग चढ़ने लगा है। किसानों को रूलाने के बाद अब प्याज आम लोगों की आंखों से महंगाई के आंसू निकालने को तैयार है। बारिश से फसलों को हुए नुकसान के कारण प्याज के दाम भी तेजी से बढ़ रहे हैं। कुछ दिनों पहले तक 15 रुपये किलो बिकने वाली प्याज की कीमत अब 25 से 30 रुपये हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक आगे इसकी कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। क्रिसिल (Crisil) ने एक रिसर्च रिपोर्ट में कहा है कि आपूर्ति में संभावित कमी के कारण सितंबर की शुरुआत में खुदरा बाजार में प्याज की कीमतें 60-70 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, अक्टूबर में आपूर्ति में सुधार होने से कीमतों में कमी आ जाएगी।
