स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), HDFC बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित कई सारे बड़े बैंकों ने हाल ही में डिजिटल रुपये के साथ यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) की इंटरऑपरेबिलिटी सर्विस को पेश किया था। इस सर्विस के जरिए यूपीआई क्यूआर कोड इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल करके हजारों यूजर्स के लिए पेमेंट के प्रोसेस को आसान बनाया जाएगा। ऐसे में अब यह भी जान लेते हैं कि आखिर यह सर्विस काम कैसे करेगी।
क्या है UPI QR कोड-CBDC इंटरऑपरेबिलिटी
ई-रुपी या डिजिटल रुपया आरबीआई सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) का एक इलेक्ट्रॉनिक वर्जन है। RBI ने डिजिटल रुपये के दो वर्जन CBDC-W और CBDC-R को जारी करने का प्रस्ताव रखा था। CBDC-W को कुछ चुनिंदा वित्तीय संस्थानों के लिए डिजाइन किया गया है। जबकि CBDC-R को प्राइवेट सेक्टर, नॉन-फाइनेंशियल कंज्यूमर्स और बिजनेस सहित हर एक सेक्टर के लिए डिजाइन किया गया है। अगर बेहद ही आसन भाषा में कहें तो CBDC कागजी नोट का ही एक डिजिटल वर्जन है।
किसी भी UPI क्यूआर कोड को स्कैन करके हो जाएगा पेमेंट
बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर जॉयदीप दत्ता रॉय ने मीडिया को बताया कि UPI QR कोड-CBDC इंटरऑपरेबिलिटी की शुरुआत के साथ ही ग्राहक अब अपने डिजिटल रूपया वॉलेट में मौजूद डिजिटल करेंसी को इस्तेमाल कर सकते हैं और किसी भी UPI QR कोड पर भुगताव के लिए स्कैन कर सकते हैं। इसमें किसी भी दुकानदार को केवल अपना क्यूआर कोड दिखाना होगा। यह CBDC और UPI दोनों ही पेमेंट को एक्सेप्ट कर सकता है। UPI QR कोड-CBDC इंटरऑपरेबिलिटी लोगों के बीच डिजिटल रूपये को अपनाने में तेजी लेकर आएगी। इसके अलावा इससे दुकानों पर डिजिटल रुपये के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया जा सकेगा।
CBDC के जरिए कैसे कर सकते हैं ट्रांजैक्शन
फिलहाल डिजिटल रुपया पायलट प्रोजेक्ट के स्टेज में है। केवल वे लोग जो कि अपने बैंक की तरफ से ई-रूपी नेटवर्क में शामिल किए गए हैं वे ही इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आपको अपने मोबाइल में डिजिटल रूपया ऐप भी डाउनलोड करना होगा। ऐप डाउनलोड करने के बाद आपको अपने मोबाइल नंबर के साथ रजिस्टर करना होगा। हालांकि रजिस्ट्रेशन करने के लिए आपके पास बैंक के साथ रजिस्टर्ड नंबर भी होना चाहिए। उसके बाद, आपको एक नया डिजिटल रुपया वॉलेट पिन बनाना होगा और अपने वेरिफिकेशन यानी फिंगरप्रिंट या फिर फेस अनलॉक को चुनना होगा। एक बार लॉग इन करने के बाद, होम स्क्रीन आपको चार ऑप्शन सेंड, कलेक्ट, लोड और रिडीम दिखाया जाएगा। डिजिटल रूपया ऐप में कागजी मुद्रा की तरह से ही करेंसी की कीमत होती है। इसके अलावा हर एक डिजिटल नोट में कागज के नोट की तरह से ही एक यूनीक नंबर होता है।
आपको अपने बैंक खाते से डिजिटल रुपया या सीबीडीसी वॉलेट में पैसे जमा करने के लिए 'लोड' पर क्लिक करना होगा। ध्यान रखें कि, UPI के उलट, डिजिटल रुपये में पैसा सीधे बैंक खाते से नहीं काटा जाता है, इसे पहले डिजिटल रुपये वॉलेट में लोड करना होता है और फिर इस्तेमाल करना होता है। मोबाइल नंबर पर पैसे भेजने के लिए या क्यूआर कोड का इस्तेमाल करने के लिए, सेंड पर क्लिक करना होगा।
ये बैंक देते हैं CBDC-UPI इंटरऑपरेबिलिटी की सुविधा
बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), कोटक महिंद्रा बैंक, HDFC बैंक, यस बैंक, ऐक्सिस बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया फिलहाल अपने ग्राहकों को यह सर्विस दे रहे हैं।