दिवाली का त्योहार आने से पहले प्याज की कीमतों ने आम आदमी के लिए चिंताओं को बढ़ा दिया है। पिछले कुछ दिनों में कई राज्यों में प्याज की कीमतें 100 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई हैं। प्याज की कीमतों में हालिया उछाल ने राज्य सरकारों और केंद्र सरकार को कीमतों में बढ़ोतरी को रोकने के लिए कदम उठाने के लिए प्रेरित किया है। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने प्याज के एक्सपोर्ट को रोकने के लिए घरेलू बाजार में आपूर्ति बढ़ाने के लिए 29 अक्टूबर, 2023 से 31 दिसंबर, 2023 तक प्याज पर 800 डॉलर प्रति टन का न्यूनतम निर्यात मूल्य (MEP) लगाया है।
सबसे बड़े बाजार में गिरी प्याज की कीमतें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार को देश के सबसे बड़े थोक प्याज बाजार लासलगांव में प्याज की औसत थोक कीमतें पांच दिनों में 24% गिरकर 3,650 रुपये प्रति क्विंटल हो गईं। लासलगांव में प्याज की औसत थोक कीमतें 3 अक्टूबर को 2,050 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 28 अक्टूबर को 4,800 रुपये प्रति क्विंटल हो गईं। प्याज की कीमतों में हालिया उछाल घरेलू और निर्यात दोनों बाजारों में सप्लाई की कमी की वजह से भी आई है।
इस वजह से भी बढ़ रही है प्याज की कीमतें
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्याज की कीमत में उछाल के लिए कई वजहों को जिम्मेदार माना जा रहा है। इसमें डिमांड और सप्लाई में अंतर और प्याज की खेती में देरी और फसल की आवक भी बड़ी वजह बन सकती है। आमतौर पर भारत में प्याज की कटाई साल में दो बार की जाती है। इसके अलावा इंटरनेशनल मार्केट में ज्यादा एक्सपोर्ट करने की वजह से भी प्याज की कीमतें बढ़ रही हैं। दूसरा देर से कटाई की वजह से भी बाजार में नई फसलों के आने में देरी हो रही है। समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक एक सीनियर सरकारी अधिकारी ने यह बताया कि मौसम की स्थिति की वजह से भी खरीफ प्याज की बुवाई में भी देरी हुई है। जिसकी वजह से खेती कम हुई और फसल आवक में देरी हुई।
इस बीच, उपभोक्ता मामलों के सचिव, रोहित कुमार सिंह ने हाल ही मेंबताया कि अगस्त के महीने से ही बफर प्याज बाजार में जारी किया गया है और सरकार कीमतों में और बढ़ोतरी को रोकने के लिए खुदरा वितरण भी बढ़ा रही है। राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF) और भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ लिमिटेड (NAFED) के जरिए बफर प्याज सिर्फ 25 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा उपभोक्ता मामलों का मंत्रालय पांच लाख टन का बफर प्याज स्टॉक बनाए हुए है और आने वाले दिनों में दो लाख टन और प्याज खरीदने का भी इरादा रखता है। इसके अलावा, सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्याज की बिक्री को सीमित करने के लिए 40% निर्यात कर भी लगाया है, जबकि पहले प्याज पर कोई निर्यात कर नहीं था।
मदर डेयरी आउटलेट बेचेगी सस्ती प्याज
प्याज की बढ़ती कीमतों से उपभोक्ताओं को राहत देने के उपायों को आगे बढ़ाते हुए, केंद्र ने शनिवार को कहा कि मदर डेयरी के सफल आउटलेट दिल्ली-एनसीआर में वीकेंड से 25 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर बफर प्याज भी बेचेगी। हैदराबाद कृषि सहकारी संघ सस्ती प्याज बेच रहा है। तेलंगाना और दूसरे दक्षिणी राज्यों में भी ऐसा ही है। पहले से ही, सहकारी निकाय NCCF और NEFED सेंटर सरकार की ओर से रियायती दर पर बफर प्याज की खुदरा बिक्री कर रहे हैं। नेफेड ने अब तक 21 राज्यों के 55 शहरों में मोबाइल वैन और स्टेशन आउटलेट सहित 329 रिटेल पॉइंट स्थापित किए हैं, जबकि एनसीसीएफ ने 20 राज्यों के 54 शहरों में 457 रिटेल पॉइंट स्थापित किए हैं। केंद्रीय भंडार ने भी 3 नवंबर से दिल्ली-एनसीआर में अपने आउटलेट के जरिए प्याज की खुदरा आपूर्ति शुरू कर दी है।