ONDC ने सिर्फ एक हफ्ते में बेच दिए 10,000 किलो टमाटर, NCCF ने 15 दिनों में बेचे 560 टन

Tomato Price Hike: टमाटर की आसमान छूती कीमतों के बीच सरकार समर्थित ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) और नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन (NCCF) लोगों को 70 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दरों पर टमाटर उपलब्ध रहे हैं। ONDC ने 70 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सिर्फ एक हफ्ते में ही 10,000 किलोग्राम टमाटर बेच दिए हैं। वहीं, NCCF ने बताया कि उसने पिछले 15 दिनों में रियायती दरों पर 560 टन टमाटर बेच दिए हैं

अपडेटेड Aug 01, 2023 पर 5:06 PM
Tomato Price Hike: NCCF ने बताया कि उसने पिछले 15 दिनों में रियायती दरों पर 560 टन टमाटर बेच दिए हैं

Tomato Price Hike: टमाटर की आसमान छूती कीमतों के बीच सरकार समर्थित ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) और नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन (NCCF) लोगों को 70 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दरों पर टमाटर उपलब्ध रहे हैं। ONDC ने 70 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सिर्फ एक हफ्ते में ही 10,000 किलोग्राम टमाटर बेच दिए हैं। ONDC प्रमुख टी कोशी ने मनीकंट्रोल को बताया कि पिछले एक सप्ताह में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रियायती दरों पर रिकॉर्ड 10,000 किलो टमाटर बेचे गए हैं। नेटवर्क को पिछले साल अपनी स्थापना के बाद से अब तक सबसे ज्यादा 1.1 मिलियन खुदरा ऑर्डर मिला है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

वहीं, NCCF ने बताया कि उसने पिछले 15 दिनों में रियायती दरों पर 560 टन टमाटर बेच दिए हैं। कोशी ने बताया कि उन्हें NCCF की ओर से पिछले हफ्ते हर दिन 2000 किलोग्राम टमाटर का आवंटन हुआ था। उन्होंने कहा कि यह टमाटर दोपहर तक ही खत्म हो जा रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि ONDC पर डेली ऑर्डर की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। दिल्ली-NCR सहित कई प्रमुख शहरों में रियायती दर पर टमाटर की बिक्री अब भी जारी है।

टमाटर की खुदरा कीमतें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं। इसकी वजह प्रमुख उत्पादक राज्यों में भारी बारिश बताई जा रही है। कई शहरों में अभी भी टमाटर की कीमतें 150 से 200 रुपये किलो है। देश के विभिन्न हिस्सों में सब्जियों की कीमतें आसमान छूने के बाद इस महीने की शुरुआत में केंद्र सरकार के निर्देश पर ONDC, NCCF और NAFED ने 70 रुपये प्रति किलोग्राम पर टमाटर बेचना शुरू किया।


तब से तीनों संगठन लगातार आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की मंडियों से टमाटर खरीद रहे हैं और इसे दिल्ली-NCR, बिहार, राजस्थान आदि जैसे प्रमुख उपभोक्ता केंद्रों में सस्ती कीमतों पर उपलब्ध करा रहे हैं। उपभोक्ता Paytm ऐप और Magicpin के माध्यम से भी 70 रूपये किलो के हिसाब से टमाटर का ऑर्डर दे सकते हैं। टमाटर की भारी मांग के बीच हाइपरलोकल डिलिवरी प्लेटफॉर्म Magicpin का ऐप सोमवार सुबह क्रैश हो गया।

ONDC प्रमुख टी कोशी ने मनीकंट्रोल को बताया, "पिछले हफ्ते हमें नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन (NCCF) से दिल्ली में हर दिन 2,000 किलोग्राम टमाटर (1,000 ऑर्डर) का आवंटन हुआ था, जो दोपहर तक बिक जा रहा था।" ONDC प्रमुख ने यह भी कहा कि नेटवर्क पर डेली ऑर्डर की औसत संख्या लगातार बढ़ रही है क्योंकि अधिक विक्रेता नेटवर्क में शामिल हो रहे हैं। उदाहरण के लिए, ONDC पर शहद बेचने वाले एक किसान उत्पादक संगठन को पहले ही 1 लाख रुपये के ऑर्डर दिए जा चुके हैं।

NCCF ने बेचे 560 टन टमाटर

इस बीच, सहकारी संस्था NCCF ने बताया कि उसने दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में पिछले 15 दिनों में रियायती दरों पर 560 टन टमाटर बेच दिया है। प्रमुख टमाटर उत्पादक राज्यों में भारी बारिश होने के कारण खुदरा बाजार में टमाटर की कीमत अभी भी कम नहीं हुई है। इस वजह से NCCF ने टमाटर की रियायती दरों पर बिक्री जारी रखी है। NCCF ने 14 जुलाई को 90 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दरों पर टमाटर की बिक्री शुरू की थी, जिसे बाद में घटाकर 70 रुपये प्रति किलोग्राम तक कर दिया गया।

NCCF पिछले एक सप्ताह से तीनों राज्यों में 70 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से टमाटर बेच रहा है। NCCF उपभोक्ताओं को महंगाई से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से रियायती दरों पर टमाटर बेच रहा है। दूसरी ओर नेफेड बिहार और अन्य राज्यों में टमाटर को रियायती दरों पर बेच रहा है।

ये भी पढ़ें- Tomato Price: सरकार बेच रही है सस्ते दाम पर टमाटर, दिल्ली-NCR और पटना समेत इन इलाकों में हो रही है बिक्री

NCCF की मैनेजिंग डायरेक्टर अनीस जोसफ चंद्रा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, "हमने 28 जुलाई तक दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लगभग 560 टन टमाटर बेचा है। तीनों राज्यों में बिक्री जारी है।" NCCF राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में टमाटर की बिक्री मोबाइल वैन, केंद्रीय भंडार की चुनिंदा दुकानों और सरकार समर्थित ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के माध्यम से कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।