Get App

UP Holiday: UP में पहली बार आज नवमी की छुट्टी, अब 3 दिन तक स्कूल-कॉलेज सब बंद, CM योगी ने किया ऐलान

UP Holiday: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने महा नवमी (11 अक्टूबर 2024) के अवसर पर छुट्टी का ऐलान कर दिया है। दशहरे की पहले से ही 12 और 13 अक्टूबर को छुट्टी घोषित थी। ऐसे में यूपी में सभी सरकारी कर्मचारियों को 3 दिन की छुट्टी मिल गई है। शुक्रवार को नवमी पड़ने के कारण छुट्टी की मांग उठ रही थी

MoneyControl Newsअपडेटेड Oct 11, 2024 पर 8:57 AM
UP Holiday:  UP में पहली बार आज नवमी की छुट्टी, अब 3 दिन तक स्कूल-कॉलेज सब बंद, CM योगी ने किया ऐलान
UP Holiday: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न संगठनों की मांग पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर दी है।

उत्तर प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों को अब तीन दिन तक दशहरा मनाने का मौका मिल गया है। राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टी का ऐलान कर दिया है। पहले उत्तर प्रदेश में 12 अक्टूबर और 13 अक्टूबर (शनिवार और रविवार) को दशहरे की छुट्टियां घोषित की गई थी। लेकिन शुक्रवार को महा नवमी को देखते हुए सरकारी दफ्तरों में छुट्टी की मांग की जा रही थी। इसको देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भी छुट्टी का ऐलान कर दिया है। सीएम योगी की घोषणा के बाद अब सरकारी दफ्तर आज (11 अक्टूबर) को बंद रहेंगे। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर तमाम सरकारी दफ्तर महानवमी के मौके पर बंद रहेंगे।

सूचना निदेशक शिशिर ने एक बयान में बताया कि कई संगठनों की मांग पर ध्यान देते हुए शुक्रवार को नवमी के मौके पर 11 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। उत्तर प्रदेश में इस बार महानवमी का अवकाश नहीं मिल रहा था। सीएम योगी के निर्देश के बाद सरकार की तरफ से इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इससे कर्मचारियों में खुशी की लहर है। अब वे महानवमी के मौके पर घरों पर रहकर पर्व का आनंद उठाएंगे।

शारदीय नवरात्रि पर बृहस्पति-सूर्य और शनि का खास संयोग

बता दें कि नवरात्रि में मां शक्ति के नौ रूपों की पूजा होती है। इस बार की शारदीय नवरात्रि पर बृहस्पति-सूर्य और शनि का खास संयोग भी बन रहा है। ज्योतिष शास्त्र के जानकार बताते हैं कि इस तरह का खास संयोग जो ग्रह करेंगे, ऐसे ही संयोग में प्रयागराज में कुंभ का आयोजन होता है। यानी तब ये ग्रह मिलकर कुंभ के आयोजन के समय ऐसा संयोग बनाते हैं कि अमृत की वर्षा होती है। ऐसा ही कुछ इस बार भी मां अपने आगमन के साथ पृथ्वी पर करने वाली हैं। ऐसे में देवी मां की आराधना करने वाले भक्तों पर इस बार वह अमृत वर्षा करेंगी। सबको हर तरफ से फायदा होगा।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें