UPI in Nepal: भारत में रोजाना लाखों लोग UPI के जरिए पेमेंट करते हैं। अब धीरे-धीरे UPI अपना परचम पूरी दुनिया में लहरा रहा है। दुनिया के कई देशों में UPI के पेमेंट करना भी शुरू हो गया है। इसमें श्रीलंका, फ्रांस, मालदीव जैसे कई देशों के नाम शामिल हैं। ऐसे में अब नेपाल में भी UPI के जरिए ऑनलाइन पेमेंट किया जा सकता है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (National Payments Corporation of India –NPCI) ने कहा है कि अब भारतीय यूजर्स नेपाल में यूनीफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) के जरिए नेपाल में पेमेंट कर सकते हैं। इसका मतलब है कि नेपाल जाने वाले भारतीय अपने स्मार्टफोन पर यूपीआई ऐप के जरिए क्यूआर-कोड बेस्ड ऑनलाइन पेमेंट कर सकेंगे।
पिछले साल सितंबर में NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) और नेपाल के सबसे बड़े भुगतान नेटवर्क फोनेपे पेमेंट सर्विस (Fonepay Payment Service) के बीच एक समझौता हुआ था। इसके तहत ही पड़ोसी देश में यूपीआई से भुगतान शुरू हुआ है। ऐसे में अब यूपीआई भारत और नेपाल के बीच सीमा पार लेनदेन के लिए शुरू हो गई है।
UPI पेमेंट से पर्यटन को बढ़ावा
NPCI ने अपने बयान में कहा कि पहले फेस के साझेदारी के बाद भारतीय यूजर्स UPI बेस्ड ऐप्स जैसे-पेटीएम (Paytm), फोनपे (PhonePay), गूगल पे (Google Pay) आदि का इस्तेमाल करके नेपाल के कई बिजनेस स्टोर पर यूपीआई के जरिए ऑनलाइन पेमेंट कर सकते हैं। NIPL के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर रितेश शुक्ला (Ritesh Shukla) ने कहा कि इस पहल से डिजिटल पेमेंट सेगमेंट में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। इससे दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत होंगे। रितेश ने आगे काह कि मुझे विश्वास है कि यह यूपीआई पेमेंट दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों, कमर्शियल और पर्यटन में उल्लेखनीय सुधार करेगा। इससे आर्थिक समृद्धि और प्रगति को बढ़ावा मिलेगा।
इन देशों में मिलती है UPI सर्विस
भारतीय यूपीआई सर्विस नेपला के अलावा सिंगापुर, कनाडा, ओमान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सहित कई देशों में उपलब्ध है।
विदेश में कैसे काम करता है UPI?
आपका UPI ऐप ही विदेश में भी काम करेगा। इसके लिए UPI इंटरनेशनल को सलेक्ट करना होगा और अपने बैंक की इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन को एक्टिवेट करना होगा। इसमें इंटरनेशनल पेमेंट के लिए बैंक कुछ फॉरेक्स चार्ज कर सकता है। जो लोग विदेश में रहते हैं वो भी यूपीआई के जरिए ऑनलाइन पेमेंट कर सकते हैं। ऐसे लोगों के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) उस देश की किसी एक कंपनी के साथ टाइअप करती है। जिसके सर्वर के जरिए ये पूरा पेमेंट हो जाता है। इससे आसानी से यूपीआई ट्रांजेक्शन हो जाता है। NPCI ने सिंगापुर के PayNow के साथ समझौता किया है। जिससे वर्चुअल पेमेंट हो जाता है। इसके लिए सिर्फ स्कैन करना होगा और अपना पिन डालना होता है।