जून का महीना शुरू हो गया है। आज से कई ऐसे बदलाव होने जा रहे हैं जो आपकी जेब हल्की कर सकते हैं। अगर आप स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), Axis Bank और India Post Payments Bank के कस्टमर हैं तो आपको इन बदलावों की जानकारी होनी चाहिए। बैंक कस्टमर्स के अलावा, विभिन्न कैटेगरीज के वाहनों के लिए थर्ड पार्टी इंश्योरेंस भी महंगा हो जाएगा। इससे निश्चित रूप से वाहन मालिकों के मासिक बजट पर असर पड़ेगा। आइए इन बदलावों पर एक नजर डालते हैं...
SBI होम लोन की ब्याज दर बढ़ी
SBI home loan interest rates : SBI ने अपनी होम लोन एक्सटर्नल बेंचमार्क लेंडिंग रेट (EBLR) को 40 बेसिस प्वाइंट बढ़ाकर 7.05 फीसदी कर दिया है, जबकि RLLR 6.65 फीसदी प्लस सीआरपी होगा। एसबीआई की वेबसाइट के मुताबिक, नई दरें 1 जून, 2022 से प्रभावी हो जाएंगी।
एक्सिस बैंक सर्विस चार्ज बढ़े
Axis Bank service charge : एक्सिस बैंक ने सैलरी और सेविंग अकाउंट होल्डर्स के लिए सर्विस चार्ज बढ़ा दिए हैं। बैंक ने एवरेज मंथली बैलेंस (AMB) की न्यूनतम जरूरत को 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया है।
दोपहिया वाहनों के बीमा प्रीमियम
Motor insurance premiums : दोपहिया वाहनों के लिए सरकार ने थर्ड पार्टी इंश्योरेंस प्रीमियम की दरों में बदलाव किया है। एक जून 2022 से 150CC से लेकर 350CC वाली बाइक का प्रीमियम अब 1,366 रुपये बसूला जाएगा। जबकि 350cc से ज्यादा क्षमता वाले दोपहिया गाड़ियों के लिए संशोधित इंश्योरेंश प्रीमियम 2,804 रुपये फिक्स किया गया है। 75 सीसी से कम क्षमता वाले दोपहिया वाहनों के लिए 538 रुपये में थर्ड पार्टी कवर लिया जा सकेगा। वहीं 75 सीसी से 150 सीसी तक के वाहनों का प्रीमियम 714 रुपये होगा।
चार पहिया वाहनों के लिए बीमा प्रीमियम
Motor insurance premiums for four wheelers : 1000cc तक की इंजन क्षमता वाली कारों का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस प्रीमियम 2,094 रुपये होगा। कोविड से पहले 2019-20 में ये 2,072 रुपये था। वहीं 1000cc से 1500cc तक की कारों के लिए इंश्योरेंस प्रीमियम 3,416 रुपये होगा, जो पहले 3221 रुपये था। यानी, गाड़ियों का इंश्योरेंस महंगा हो जाएगा।
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक आधार से जुड़ी सेवा पर लेगा चार्ज
India Post Payments Bank charges : इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) ने आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम सर्विस चार्जेस (AePS) की पेशकश की है। यह AePS इश्युअर ट्रांजेक्शन शुल्क 15 जून, 2022 से प्रभावी होगा। हर महीने कैश विदड्रॉल, कैश डिपॉजिट और मिनी स्टेटमेंट जैसे पहले तीन AePS इश्युअर ट्रांजेक्शन मुफ्त होंगे। वहीं इस लिमिट से ज्यादा कैश विदड्रॉल और कैश डिपॉजिट के लिए प्रति ट्रांजेक्शन 20 रुपये प्लस जीएसटी और मिनी स्टेटमेंट ट्रांजेक्शंस पर प्रति ट्रांजेक्शन 5 रुपये प्लस जीएसटी देना होगा।