RBI ने कार्ड्स नेटवर्क्स पर नया सर्कुलर जारी किया है। केंद्रीय बैंक ने डेबिट कार्ड्स और क्रेडिट कार्ड्स यूजर्स को कार्ड नेटवर्क का विकल्प चुनने की सुविधा दी है। इस बारे में केंद्रीय बैंक का सर्कुलर 6 मार्च को आया है। इसमें कार्ड जारी करने वाले बैंक और एनबीएफसी को ऐसे कार्ड नेटवर्क के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करने को कहा गया है, जो उन्हें दूसरे कार्ड नेटवर्क की सेवाओं का इस्तेमाल करने से रोकता है। Visa और Mastercard ऐसे कार्ड नेटवर्क हैं, जिनका दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है। इनके अलावा American Express, Diners Club International और Rupay दूसरे कार्ड नेटवर्क्स हैं। RuPay का इंडिया का अपना कार्ड पेमेंट नेटवर्क है, जिसे नेशनल पेमेंट्स कॉरेपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने बनाया है।
आरबीआई का नया नियम सितंबर से लागू होगा
आरबीआई का मानना है कि बैंक/नॉन-बैंक को कार्ड जारी करते वक्त ग्राहकों को कई कार्ड नेटवर्क में से अपनी पसंद का नेटवर्क चुनने का विकल्प देना चाहिए। उन्हें अपने मौजूदा ग्राहकों को भी कार्ड के रिन्यूएल के वक्त यह विकल्प देना होगा। हालांकि, इस नियम के दायरे उन बैकों/नॉन-बैंकों को बाहर रखा गया है कि जिनकी तरफ से जारी एक्टिव कार्ड्स की संख्या 10 लाख तक है। आरबीआई का यह सर्कुलर 6 सितंबर, 2024 से लागू होगा।
अमेरिका एक्सप्रेस बैंकिंग कॉर्प इस नियम के दायरे में नहीं आएगा
इस सर्कुलर में कहा गया है कि क्रेडिट कार्ड जारी करने वाले ऐसे बैंक जो अपने खुद के अथॉराइज्ड नेटवर्क पर आधारित कार्ड जारी करते हैं, वे इस नियम के दायरे में नहीं आएंगे। अमेरिकन एक्सप्रेस बैंकिंग कॉर्प इस नियम के दायरे में नहीं आएगा। उसे दूसरे कार्ड नेटवर्क पर आधारित कार्ड इश्यू का विकल्प नहीं देना होगा।
कुछ बैंक कई नेटवर्क पर कार्ड इश्यू करते हैं
अभी जब एक बैंक ग्राहक को डेबिट या क्रेडिट कार्ड इश्यू करता है तो वह आम तौर पर वीजा या मास्टरकार्ड नेटवर्क का इस्तेमाल करता है। कुछ ऐसे बैंक हैं जो अपने अपने कार्ड के वैरिएंट एक से ज्यादा कार्ड नेटवर्क पर इश्यू करते हैं। एचडीएफसी बैंक का इनफिनिया कार्ड इसका उदाहरण है। यह वीजा और मास्टरकार्ड दोनों नेटवर्क पर जारी किया जाता है। एचडीएफसी बैंक का Millennnia Credit Card चार कार्ड नेटवर्क-वीज, मास्टरकार्ड, डिनर्स और रूपे पर इश्यू किया जाता है।
ग्राहक अपनी पसंद के नेटवर्क की मांग कर सकेगा
टेक्नोफिनो के सुमंत मंडल ने कहा कि आरबीआई के सर्कुलर के लागू होने के बाद बैंकों को ग्राहक को कार्ड नेटवर्क का विकल्प देना होगा। उदाहरण के लिए अगर आपका बैंक मास्टरकार्ड नेटवर्क पर कार्ड इश्यू करता है और आप उसकी जगह वीजा नेटवर्क का कार्ड चाहते हैं तो बैंक आपकी मांग पूरी करेगा। लेकिन, वह आपकी मांग तभी पूरी करेगा, जब वह दोनों नेटवर्क पर कार्ड जारी करता होगा।
कुछ कार्ड नेटवर्क खास सुविधाएं देते हैं
मंडल ने कहा कि किसी चीज का विकल्प मिलने से ग्राहक को फायदा होता है। लेकिन, यह ध्यान में रखना होगा कि कार्ड से जुड़े बेनेफिट कार्ड से जुड़े नेटवर्क की जहगह कार्ड के वैरिएंट पर निर्भर करते हैं। ज्यादातर मामलों में अलग-अलग नेटवर्क पर इश्यू किए गए एक वैरिएंट के कार्ड के बेनेफिट में ज्यादा अंतर नहीं होता है। लेकिन, कुछ खास नेटवर्क हैं, जो ग्राहक को गोल्फ कोर्स या क्लब का एक्सेस देते हैं।
यह भी पढ़ें: Axis Bank ने बदले Credit Card के नियम, फ्री बिजनेस क्लास फ्लाइट टिकट के लिए करना होगा ये काम